Friday ,September 04, 2026
होमजुर्मफर्जी IAS बनकर होटल में रौब झाड़ रहा था युवक, 16 लोगों को दी पार्टी; बिल चुकाए बिना हुआ फरार...

फर्जी IAS बनकर होटल में रौब झाड़ रहा था युवक, 16 लोगों को दी पार्टी; बिल चुकाए बिना हुआ फरार

 Newsbaji  |  Sep 03, 2026 06:32 PM  | 
Last Updated : Sep 03, 2026 06:32 PM
इंदौर में फर्जी  IAS अफसर बनकर होटल में रौब झाड़ने वाला युवक गिरफ्तार
इंदौर में फर्जी IAS अफसर बनकर होटल में रौब झाड़ने वाला युवक गिरफ्तार

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) का अफसर बताकर रौब झाड़ने वाले 28 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिमांशु पांचाल के रूप में हुई है, जो गुजरात के अहमदाबाद का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इंदौर के एक पांच सितारा होटल में 16 लोगों को पार्टी दी और बिल भुगतान के समय खुद को IAS अफसर बताते हुए होटल से निकल गया।

होटल कर्मचारियों से कहा- 2 घंटे बाद आएगा PA और भर देगा बिल
सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) पराग सैनी ने बताया कि हिमांशु पांचाल ने हाल ही में एक पांच सितारा होटल में पार्टी आयोजित की थी। पार्टी में करीब 16 लोग शामिल हुए। जब होटल का बिल चुकाने की बारी आई तो आरोपी ने कथित तौर पर खुद को IAS अधिकारी बताया और प्रभाव जमाने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने होटल कर्मचारियों से कहा कि उसका निजी सहायक (PA) दो घंटे बाद आएगा और बिल का भुगतान कर देगा। इसके बाद वह होटल से चला गया, लेकिन बिल का भुगतान नहीं हुआ। मामले की शिकायत होटल प्रबंधन ने पुलिस से की।

किराए के मकान के बाहर लगी थी फर्जी नेमप्लेट
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित उसके किराये के मकान पर पहुंची। पुलिस को मकान के बाहर एक नेमप्लेट लगी मिली, जिस पर ‘IAS राज सोनी’ और ‘डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर’ लिखा हुआ था।

पुलिस को नेमप्लेट देखकर संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान हिमांशु पांचाल से उसके IAS अफसर होने के संबंध में दस्तावेज या अन्य वैध प्रमाण मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

मुकदमा दर्ज
ACP पराग सैनी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 204 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह धारा लोक सेवक का प्रतिरूपण करने से संबंधित है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हिमांशु पांचाल के खिलाफ गुजरात में धोखाधड़ी का एक मामला पहले से दर्ज है। पुलिस अब उसके पुराने मामलों और इस तरह की अन्य गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।

फर्जी अफसर बनकर ठगी की आशंका
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि, आरोपी ने IAS अफसर होने का दावा केवल होटल में बिल से बचने के लिए किया था या उसने इससे पहले भी सरकारी अधिकारी बनकर किसी अन्य व्यक्ति या संस्था को प्रभावित अथवा ठगी का शिकार बनाया है। उसके मोबाइल फोन, दस्तावेजों और संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft