Tuesday ,August 04, 2026
होमजुर्मलखनऊ में पंचमुखी हनुमान मंदिर से 35 लाख की चांदी चोरी, CCTV का DVR भी ले गए चोर...

लखनऊ में पंचमुखी हनुमान मंदिर से 35 लाख की चांदी चोरी, CCTV का DVR भी ले गए चोर

 Newsbaji  |  Aug 04, 2026 10:28 AM  | 
Last Updated : Aug 04, 2026 10:28 AM
संकट हरन पंचमुखी हनुमान मंदिर में 35 लाख की चांदी चोरी
संकट हरन पंचमुखी हनुमान मंदिर में 35 लाख की चांदी चोरी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बीरबल साहनी मार्ग स्थित संकट हरन पंचमुखी हनुमान मंदिर में रविवार देर रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर के मुख्य द्वार और गर्भगृह के ताले तोड़कर भगवान की प्रतिमाओं पर लगे करीब 10 किलोग्राम चांदी के मुकुट और छत्र चोरी कर ले गए। चोरी गई सामग्री की अनुमानित कीमत 35 लाख रुपए बताई जा रही है। वारदात के बाद चोर मंदिर में लगे CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए, जिससे जांच प्रभावित हो सकती है।

बदमाशों के हौसले बुलंद
सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे मुख्य पुजारी दिनेश कुमार दीक्षित मंदिर के पट खोलने पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। अंदर पहुंचने पर गर्भगृह और अन्य मंदिरों के ताले भी टूटे हुए थे। भगवान गणेश, पंचमुखी हनुमान और राम दरबार की प्रतिमाओं पर लगे चांदी के मुकुट और छत्र गायब थे। घटना की सूचना तुरंत मंदिर प्रबंधन और पुलिस को दी गई।

CCTV के फुटेज का सहारा 
सूचना मिलते ही महानगर थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। मंदिर प्रबंधक प्रदीप कुमार शर्मा की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

शक की सूई हर तरफ
पुलिस के अनुसार, चोरों ने मंदिर के दानपात्रों को नहीं छुआ। रविवार को ही दानपात्रों से चढ़ावे की राशि निकालकर उसकी गणना की गई थी। ऐसे में जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि कहीं आरोपियों को पहले से इसकी जानकारी तो नहीं थी।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान 
गौरतलब है कि सावन माह के दौरान मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश पहले ही जारी किए गए थे। इसके बावजूद राजधानी के प्रमुख मंदिर में हुई इस बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft