बिलासपुर। जिले में मलेरिया के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ओर सीपत क्षेत्र के ग्राम अदराली में 17 वर्षीय छात्र की मलेरिया से मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर सोमवार को कोटा विकासखंड में मलेरिया के दो नए मरीज मिलने से सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।
इलाज के दौरान मौत
जानकारी के मुताबिक, सीपत क्षेत्र के ग्राम अदराली निवासी दिनेश ओडे (भगत) (17), पिता अनुप सिंह, पिछले एक सप्ताह से तेज बुखार से पीड़ित था। परिजनों ने पहले उसे सीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन तबीयत में सुधार नहीं होने पर सिम्स अस्पताल, बिलासपुर रेफर किया गया। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक के नाना रामनाथ मरावी ने बताया कि, मेडिकल जांच में फाल्सीपेरम मलेरिया की पुष्टि हुई थी। तेज बुखार के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
स्वास्थ्य विभाग को नहीं थी मौत की जानकारी
हैरानी की बात यह है कि, मलेरिया से हुई इस मौत की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के मलेरिया विंग के पास भी नहीं थी। इससे विभाग की निगरानी व्यवस्था और रोग सर्विलांस पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर निगरानी और रोकथाम के उपाय किए जाते, तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।
कोटा में फिर मिले 2 नए मरीज
सोमवार को कोटा ब्लॉक में मलेरिया के दो नए मरीज मिलने की पुष्टि हुई है। इसके बाद जिले में एक्टिव मलेरिया मरीजों की संख्या 18 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक जिले में 40 से अधिक मरीज मिल चुके हैं। हालांकि निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे मरीजों का रिकॉर्ड विभाग के पास उपलब्ध नहीं है, जिससे वास्तविक संख्या अधिक होने की आशंका है।
क्या बोले अधिकारी?
जिला मलेरिया अधिकारी बी.के. वैष्णव ने बताया कि, कोटा क्षेत्र में दो नए मरीज मिले हैं। उन्होंने कहा कि सीपत क्षेत्र में मलेरिया के मरीज या मौत की जानकारी विभाग को नहीं है। संबंधित टीम से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बरसात के मौसम में मलेरिया का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में विशेषज्ञ समय पर जांच, बुखार आने पर तत्काल उपचार, मच्छरों की रोकथाम और स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित सर्वे व फॉगिंग पर विशेष जोर दे रहे हैं।
IGKV Admission 2026: बीएससी कृषि (ऑनर्स) प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू, जानें पूरा शेड्यूल
45 लाख रुपए की जप्त शराब नष्ट, 112 प्रकरणों की 5,480 बल्क लीटर मदिरा का किया नष्ट
1.13 करोड़ की ठगी, 45 करोड़ के कथित नकली नोट दिलाने का झांसा, महाराष्ट्र के जालसाजों पर केस
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft