रांची/गिरिडीह। झारखंड पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 1 करोड़ रुपए के इनामी और शीर्ष नक्सली कमांडर मिसिर बेसरा को गिरिडीह जिले से गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ रीजनल कमेटी के सदस्य मेहनत उर्फ मोछू और गौरव को भी गिरफ्तार किया गया है। मेहनत पर 15 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
कई वर्षो से था फरार
पुलिस के अनुसार, मिसिर बेसरा करीब डेढ़ दशक से फरार चल रहा था और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की सूची में सबसे वांछित नक्सलियों में शामिल था। उसकी गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, मिसिर बेसरा की गिरफ्तारी के बाद झारखंड में अब 1 करोड़ रुपए का इनामी केवल एक नक्सली असीम मंडल ही बचा है।
नक्सलियों से पूछताछ जारी
सुरक्षा एजेंसियों ने इस कार्रवाई को झारखंड में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि बताया है। फिलहाल मिसिर बेसरा और उसके दोनों साथियों से एक गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां उनसे जंगलों में छिपाए गए अत्याधुनिक हथियारों, आईईडी (IED) और नक्सली नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारी जुटाने में लगी हैं। इसके अलावा नक्सलियों के सहयोगियों और उनके सपोर्ट सिस्टम की भी जांच की जा रही है।
पुलिस को उम्मीद है कि, पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आने वाले दिनों में नक्सली संगठन के नेटवर्क पर और प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।
सड़क पर बर्थडे पार्टी, बोनट पर केक और आतिशबाजी! अभनपुर के नायब तहसीलदार की वायरल रील से मचा बवाल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft