Wednesday ,July 29, 2026
होमछत्तीसगढ़रायपुर में देर रात भीषण आग, ऑक्टोपस बार समेत 4 दुकानें और होटल आए चपेट में...

रायपुर में देर रात भीषण आग, ऑक्टोपस बार समेत 4 दुकानें और होटल आए चपेट में

 Newsbaji  |  Jul 29, 2026 08:29 AM  | 
Last Updated : Jul 29, 2026 08:29 AM
तेलीबांधा में ऑक्टोपस बार के पास लगी भीषण आग
तेलीबांधा में ऑक्टोपस बार के पास लगी भीषण आग

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में स्थित ऑक्टोपस बार के पास मंगलवार देर रात करीब 1:00 बजे भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत एक हार्डवेयर दुकान से हुई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते ऑक्टोपस बार, आसपास की चार दुकानों और एक होटल तक आग फैल गई।

बारिश और आग का तांडव 
आग इतनी भयावह थी कि तेज बारिश भी इसकी रफ्तार को नहीं रोक सकी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। बुधवार सुबह तक घटनास्थल से धुआं उठता रहा।

कारण अज्ञात, जांच जारी 
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में आग की शुरुआत हार्डवेयर दुकान से होना सामने आया है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग की टीम संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है।

आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आसपास खड़े कई वाहन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

फायर विभाग के अनुसार, आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी, जिसके बाद नुकसान का वास्तविक आकलन और आग लगने के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft