Tuesday ,July 28, 2026
होमछत्तीसगढ़कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर को दिया 'महतारी वंदन वसूली योजना' का नाम, सरकार पर बिजली बिल बढ़ाने का आरोप...

कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर को दिया 'महतारी वंदन वसूली योजना' का नाम, सरकार पर बिजली बिल बढ़ाने का आरोप

 Newsbaji  |  Jul 28, 2026 07:37 PM  | 
Last Updated : Jul 28, 2026 07:38 PM
स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, 'महतारी वंदन वसूली योजना' नाम देकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना
स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, 'महतारी वंदन वसूली योजना' नाम देकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में चल रहे अभियान के तहत सोमवार को कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर को प्रतीकात्मक रूप से 'महतारी वंदन वसूली योजना' का नाम दिया। इस दौरान पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा सरकार पर महंगी बिजली के जरिए आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया।

बिजली बिल से आमजन परेशान
विकास उपाध्याय ने कहा कि, सीमित आय वाले परिवारों का मासिक बजट पहले से ही महंगाई की मार झेल रहा है। ऐसे में पहले जहां बिजली बिल 1,000 से 1,500 रुपए तक आता था, वहीं अब कई उपभोक्ताओं का बिल पांच से सात गुना तक बढ़कर आ रहा है। इससे परिवारों का आर्थिक संतुलन बिगड़ रहा है और लोगों को कर्ज लेने तक की नौबत आ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि, भाजपा सरकार महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को 1,000 रुपए की सहायता देने के बाद बिजली बिल के माध्यम से उसकी कई गुना वसूली कर रही है। इसी विरोध के प्रतीक के रूप में कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर का नाम 'महतारी वंदन वसूली योजना' रखा है।

स्मार्ट मीटर हटाने के लिए आवेदन 
उपाध्याय ने कहा कि, प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूरे छत्तीसगढ़ में महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ आंदोलन चला रही है। साथ ही लोगों की सहमति से स्मार्ट मीटर हटाने के लिए आवेदन भी भरवाए जा रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि, छत्तीसगढ़ सरप्लस बिजली उत्पादन वाला राज्य होने के बावजूद उपभोक्ताओं को महंगी बिजली, अनाप-शनाप बिल, लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेता ने भाजपा सरकार पर निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने का भी आरोप लगाया।

जनआंदोलन बनाने की अपील 
पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय लागू बिजली बिल हाफ योजना से प्रदेश के लाखों परिवारों को राहत मिली थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने उसे समाप्त कर दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलन में शामिल होने की अपील की।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft