मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के खड़गवां विकासखंड में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य झुलस गए। सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां में चल रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
धान रोपाई के समय हादसा
जानकारी के अनुसार, खड़गवां ब्लॉक के शिवपुर गांव में ग्रामीण खेत में धान रोपाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वहां मौजूद पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
वहीं, मंगोरा गांव में मवेशी चरा रहे एक चरवाहे की भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे।
घायलों का इलाज जारी
आकाशीय बिजली की चपेट में आए पांच घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी का उपचार जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस और प्रशासन हरकत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। वहीं, प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से नियमानुसार सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन की अपील
खराब मौसम और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश और तेज गर्जना के दौरान खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें।
भाजपा में बड़ा बवाल, सैकड़ो नेताओं-कार्यकर्ताओं का सामूहिक इस्तीफा, संगठन में मचा हड़कंप
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft