मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरूरपुर क्षेत्र के करनावल कस्बे में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 82 वर्षीय बुजुर्ग विजयपाल की कथित तौर पर उनके ही दो पौत्रों ने 20 बीघा जमीन के विवाद में हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात विजयपाल रोज की तरह खाना खाने के बाद गांव की चौपाल पर पहुंचे थे। वहां वह अपने हमउम्र लोगों के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दो नकाबपोश युवक अचानक वहां पहुंचे और विजयपाल पर हमला कर दिया।
सीने में दागी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने पहले विजयपाल के सीने में गोली मारी। गोली लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और चौपाल पर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसके बाद हमलावरों ने जमीन पर गिरे विजयपाल पर चाकू से कई वार किए और मौके से फरार हो गए।
जमीन का लालच
पुलिस जांच में सामने आया कि, हत्या के आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं बल्कि विजयपाल के अपने पौत्र निक्की और सागर हैं। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे जमीन का विवाद मुख्य कारण माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि, विजयपाल के पास करीब 80 बीघा जमीन थी। उन्होंने अपनी जमीन को चार हिस्सों में बांटा था और 20 बीघा जमीन अपने पास रखी थी। परिवार के अनुसार, पिछले एक साल से वह अपने दिवंगत बेटे तेजेंद्र के बेटों भानू और राहुल के साथ रह रहे थे और अपनी हिस्सेदारी की जमीन उन्हीं के नाम करने की इच्छा जता रहे थे। इसी बात को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था।
हत्या की रचि साजिश
गांव के लोगों का कहना है कि विजयपाल अक्सर कहते थे कि जो उनके बुढ़ापे में उनका सहारा बनेगा, वही उनकी जमीन का हकदार होगा। हालांकि, आरोप है कि जमीन हाथ से निकलती देख निक्की और सागर ने हत्या की साजिश रच डाली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
कसडोल में 8 संदिग्ध मौतों पर सियासत गरम, विधायक संदीप साहू ने CBI/SIT जांच की उठाई मांग
राजीव भवन में चोरी से मचा हड़कंप, AC समेत लाखों का सामान पार, दो गिरफ्तार
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft