बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले के पलारी में फर्जी ट्रांसफर आदेश के जरिए सरकारी कर्मचारी को स्थानांतरण का लाभ दिलाने के कथित मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी, जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल, ग्रामीण चिकित्सा सहायक (RMA) करण कुमार देवांगन और रवि कुमार सेन शामिल हैं। मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय के फर्जी हस्ताक्षर कर कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और उसे वास्तविक सरकारी आदेश बताकर कार्यालय में प्रस्तुत करने का आरोप है।
रोहांसी से मोपर ट्रांसफर का था कथित आदेश
पुलिस के मुताबिक, करण कुमार देवांगन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी में ग्रामीण चिकित्सा सहायक के पद पर पदस्थ है। उसने 17 अगस्त 2026 को खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी के समक्ष एक कथित स्थानांतरण आदेश प्रस्तुत किया था।
कथित आदेश में करण देवांगन का स्थानांतरण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोपर, विकासखंड भाटापारा किए जाने का उल्लेख था। दस्तावेज में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बलौदाबाजार-भाटापारा कार्यालय का आदेश क्रमांक NHM/AR/2026-27/1359 और दिनांक 14 अगस्त 2026 दर्ज थी।
CMHO कार्यालय ने कहा- जारी ही नहीं हुआ आदेश
कथित स्थानांतरण आदेश की जांच के दौरान दस्तावेज को लेकर संदेह हुआ। इसके बाद BMO कार्यालय ने CMHO कार्यालय से आदेश की पुष्टि कराई। CMHO कार्यालय ने स्पष्ट किया कि उक्त क्रमांक और तारीख का कोई स्थानांतरण आदेश उनके कार्यालय से जारी नहीं किया गया है।
CMHO कार्यालय के अनुसार, करण देवांगन का पद राज्य संवर्ग के अंतर्गत आता है और उसके स्थानांतरण का अधिकार राज्य शासन के पास है। इसके अलावा संबंधित अवधि में स्थानांतरण पर प्रतिबंध भी लागू था। कथित आदेश पर किए गए हस्ताक्षर भी CMHO के नहीं पाए गए। मामला सामने आने के बाद CMHO कार्यालय ने BMO को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने के निर्देश दिए।
BMO की शिकायत पर पलारी थाने में FIR
CMHO के निर्देश के बाद BMO कार्यालय की ओर से पलारी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत, अधिकारियों के बयान, कथित फर्जी स्थानांतरण आदेश और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद चार आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि करण कुमार देवांगन और अन्य आरोपियों द्वारा कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर कर मिथ्या दस्तावेज में कूटरचना की गई। इसके बाद इस दस्तावेज का इस्तेमाल सरकारी कार्यालय में लिखित आवेदन के साथ किया गया। पलारी पुलिस ने मामले में तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि कथित फर्जी दस्तावेज किसने तैयार किया, फर्जी हस्ताक्षर कैसे किए गए और इस पूरे मामले में किस-किस व्यक्ति की क्या भूमिका रही।
चारों आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी, जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल, RMA करण कुमार देवांगन और रवि कुमार सेन को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर कथित फर्जी आदेश तैयार करने और उसे सरकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
BJP ने दोनों नेताओं को किया निष्कासित
मामले में भाजपा के दो पदाधिकारियों के नाम सामने आने के बाद पार्टी ने भी संगठनात्मक कार्रवाई की है। भाजपा ने जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी और जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल को संगठन से निष्कासित कर दिया है।
AIIMS रायपुर के दीक्षांत समारोह के आमंत्रण पत्र से सांसद-विधायकों के नाम गायब, भाजपा में नाराजगी
भोपाल में फ्लू का बढ़ता असर: अस्पतालों की OPD में 20% तक बढ़ी भीड़, स्वाइन फ्लू के 6 मामले
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft