Saturday ,August 22, 2026
होमछत्तीसगढ़AIIMS रायपुर के दीक्षांत समारोह के आमंत्रण पत्र से सांसद-विधायकों के नाम गायब, भाजपा में नाराजगी...

AIIMS रायपुर के दीक्षांत समारोह के आमंत्रण पत्र से सांसद-विधायकों के नाम गायब, भाजपा में नाराजगी

 Newsbaji  |  Aug 22, 2026 01:06 PM  | 
Last Updated : Aug 22, 2026 01:08 PM
AIIMS रायपुर के दीक्षांत समारोह के आमंत्रण पत्र में सांसद-विधायकों के नाम नहीं होने पर भाजपा में नाराजगी
AIIMS रायपुर के दीक्षांत समारोह के आमंत्रण पत्र में सांसद-विधायकों के नाम नहीं होने पर भाजपा में नाराजगी

रायपुर। AIIMS रायपुर के आगामी दीक्षांत समारोह के आमंत्रण पत्र को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी देखने को मिल रही है। 2 सितंबर 2026 को होने वाले इस समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह के आमंत्रण पत्र में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ-साथ AIIMS सलाहकार समिति के सदस्य सांसद विजय बघेल, विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे का नाम नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं।

आमंत्रण पत्र में बड़े नाम, स्थानीय जनप्रतिनिधि गायब
सामने आए आमंत्रण पत्र में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनुप्रिया पटेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, AIIMS रायपुर के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) संजीव हांडा और कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) के नाम शामिल हैं।

वहीं, रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित सांसद विजय बघेल, विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे का नाम अतिथियों की सूची में नहीं होने से भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।

मुख्य सचिव की बैठक में प्रोटोकॉल पर हुआ था मंथन
दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर हाल ही में मुख्य सचिव विकास शील ने उच्चस्तरीय बैठक ली थी। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के साथ निर्धारित प्रोटोकॉल के मुताबिक मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।

बैठक में AIIMS रायपुर के अधिकारी भी मौजूद थे। इसी बैठक के बाद सामने आए आमंत्रण पत्र को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं कि जब कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति शामिल हो रहे हैं और प्रोटोकॉल को लेकर उच्चस्तर पर बैठक हुई है, तो स्थानीय निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के नाम आमंत्रण सूची से बाहर कैसे रह गए?

सोशल मीडिया पर फूटा कार्यकर्ताओं का गुस्सा
आमंत्रण पत्र सामने आने के बाद भाजपा के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्यकर्ताओं के बीच यह सवाल भी चर्चा में है कि यदि आमंत्रण सूची तैयार करने में कोई गलती हुई है तो इसकी जानकारी किसे दी जाए और सुनवाई कौन करेगा? कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन और प्रशासन के स्तर पर अपनी बात रखने के बावजूद स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण उन्हें मीडिया के माध्यम से यह मुद्दा उठाना पड़ रहा है।

AIIMS प्रशासन के स्पष्टीकरण का इंतजार
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सामने आया आमंत्रण पत्र अंतिम है या इसमें संशोधन किया जाएगा। मामले में AIIMS रायपुर अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उपराष्ट्रपति की मौजूदगी में होने वाले इस बड़े कार्यक्रम से पहले आमंत्रण पत्र को लेकर उठे विवाद ने राजनीतिक हलकों में चर्चा जरूर तेज कर दी है। अब देखना होगा कि AIIMS प्रशासन और राज्य सरकार इस मामले में क्या स्पष्टीकरण देती है और क्या संशोधित आमंत्रण पत्र जारी किया जाता है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft