Monday ,May 25, 2026
होमजुर्मदिल्ली-मेरठ गैंग का खुलासा: बकरा विक्रेता और जनगणना अधिकारी बनकर पुलिस ने पकड़ा करोड़ों की चोरी का मास्टरमाइंड...

दिल्ली-मेरठ गैंग का खुलासा: बकरा विक्रेता और जनगणना अधिकारी बनकर पुलिस ने पकड़ा करोड़ों की चोरी का मास्टरमाइंड

 Newsbaji  |  May 25, 2026 07:17 PM  | 
Last Updated : May 25, 2026 07:17 PM
300 किलोमीटर पीछा कर अंतरराज्यीय चोर गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
300 किलोमीटर पीछा कर अंतरराज्यीय चोर गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में भिलाई के नेहरू नगर, सुपेला और पदमनाभपुर इलाके में हुई हाईप्रोफाइल चोरियों का दुर्ग पुलिस ने फिल्मी अंदाज में खुलासा किया है। अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के मास्टरमाइंड मोहम्मद नासिर हुसैन उर्फ आनस खान को पुलिस ने 300 किमी तक पीछा कर यमुना एक्सप्रेस-वे से गिरफ्तार किया। आरोपी दिल्ली, मेरठ, बिहार और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में करोड़ों की चोरी की वारदातों में शामिल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी नासिर हुसैन दिल्ली के शाहीन बाग और नोएडा के मदनपुर खादर जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में लगातार ठिकाना बदलकर छिपा हुआ था। उसकी तलाश में जुटी पुलिस टीम ने बेहद गुप्त और प्रोफेशनल तरीके से ऑपरेशन चलाया। पहले पुलिसकर्मी बकरा विक्रेता बनकर इलाके में घूमे और संदिग्धों की जानकारी जुटाई। इसके बाद जनगणना अधिकारी का वेश धारण कर घर-घर जाकर आरोपी के ठिकानों की तलाश की गई।

करीब एक सप्ताह तक चले इस सीक्रेट ऑपरेशन के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चोरी के जेवर बेचकर खरीदी गई किआ सेल्टॉस कार से बिहार भाग रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर हाईस्पीड पीछा शुरू किया। करीब 150-160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से भाग रहे आरोपी को 300 किमी तक पीछा करने के बाद आगरा रोड पर घेराबंदी कर दबोच लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने भोपाल, इंदौर, चंडीगढ़, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और भिलाई समेत कई शहरों में चोरी की वारदातों में शामिल होना कबूल किया। आरोपी ने चोरी के पैसों से करीब 10 लाख रुपए की सेकंड हैंड किआ सेल्टॉस कार खरीदी थी, जिसका उपयोग वह लगातार कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। इसमें 7 लाख का डायमंड ब्रेसलेट, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, नए कपड़े और लग्जरी कार शामिल हैं।

इस मामले में पहले ही मेरठ निवासी हासिम खान, ज्वेलरी कारोबारी सलीम खान और बिलासपुर निवासी शाहिल को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft