रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने अब नेताओं को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठग ने खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन का निजी सहायक (PA) बताकर विधायक से 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने विधायक को फोन कर कहा कि गाड़ी में तत्काल डीजल डलवाना है और तुरंत पैसों की जरूरत है। राजनीतिक पहचान और भरोसे का फायदा उठाते हुए उसने विधायक को अपने झांसे में ले लिया।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने अपने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा को पैसे भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद आरोपी के बताए बैंक खाते में पहले 4500 रुपए और फिर 5500 रुपए ट्रांसफर किए गए।
दूसरी बार पैसे मांगने पर खुला राज
ठग ने कुछ देर बाद फिर पैसों की मांग शुरू कर दी। लगातार रुपए मांगने और बातचीत में गड़बड़ी महसूस होने पर जांच की गई। तब पता चला कि फोन करने वाला व्यक्ति फर्जी तरीके से भाजपा नेता नितिन नवीन का पीए बनकर ठगी कर रहा था।
मामले का खुलासा होते ही खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक अकाउंट और ट्रांजेक्शन डिटेल खंगालना शुरू कर दिया है। वहीं क्राइम ब्रांच की साइबर टीम आरोपी की लोकेशन और बैंकिंग ट्रेल ट्रैक कर रही है।
बढ़ रहा VIP साइबर फ्रॉड का खतरा
इस घटना ने साफ कर दिया है कि साइबर ठग अब आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक हस्तियों को भी निशाना बना रहे हैं। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी कॉल पर पैसे ट्रांसफर करने से पहले पहचान की पुष्टि जरूर करें।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft