रायपुर। राजधानी रायपुर में भगवान शिव को लेकर सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणी करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार किया है। मामले में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है।

फेसबुक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि, फेसबुक पर अरुण पन्नालाल की ओर से भगवान शिव को लेकर की गई कथित टिप्पणी के बाद विवाद बढ़ गया। शुक्रवार देर रात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अरुण पन्नालाल के घर का घेराव किया। घटना की सूचना के बाद इलाके में पुलिस बल भी तैनात किया गया।
इसके बाद भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी सिविल लाइन थाने पहुंचे और मामले में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का उल्लेख किया गया।
सावन के महीने में टिप्पणी से नाराजगी
थाने पहुंचे भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि, वर्तमान में सावन का पवित्र महीना चल रहा है। ऐसे समय में भगवान शिव को लेकर इस तरह की कथित अभद्र टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि टिप्पणी इतनी आपत्तिजनक है कि उसे सार्वजनिक रूप से दोहराना भी उचित नहीं है।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
फिलहाल पुलिस यह भी पता लगा रही है कि विवादित पोस्ट कब और किस संदर्भ में की गई थी तथा पोस्ट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft