Tuesday ,June 23, 2026
होमजुर्मभिलाई स्टील प्लांट स्क्रैप चोरी कांड: 12 आरोपी गिरफ्तार, 3.22 करोड़ की संपत्ति जब्त...

भिलाई स्टील प्लांट स्क्रैप चोरी कांड: 12 आरोपी गिरफ्तार, 3.22 करोड़ की संपत्ति जब्त

 Newsbaji  |  Jun 23, 2026 07:53 AM  | 
Last Updated : Jun 23, 2026 07:53 AM
BSP से स्क्रैप चोरी कर अवैध कारोबार करने वाले संगठित गिरोह का खुलासा
BSP से स्क्रैप चोरी कर अवैध कारोबार करने वाले संगठित गिरोह का खुलासा

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से स्क्रैप चोरी कर अवैध कारोबार करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति जब्त की है। साथ ही मुख्य आरोपी के लॉकर से लाखों रुपए के आभूषण और करोड़ों की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

सामान बरामद
पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स, प्लॉट नंबर 18 ए/05, HIA हथखोज भिलाई में जांच की गई। जांच के दौरान विभिन्न हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट की आड़ में भिलाई स्टील प्लांट से चोरी किए गए लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री लोड होती मिली।

मौके पर बड़े पैमाने पर स्क्रैप सामग्री का भंडारण भी पाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 250 टन लोहे की प्लेट और बीम कटिंग जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा स्क्रैप के परिवहन और लोडिंग में उपयोग किए जा रहे वाहन और मशीनरी भी जब्त की गई।

9 आरोपी पहले हो चुके है गिरफ्तार 
जांच में यह सामने आया कि, आरोपी फ्लू डस्ट के परिवहन की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए स्क्रैप का अवैध परिवहन और बिक्री कर रहे थे। इस मामले में पहले ही 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका था।

मुख्य फरार आरोपी संजय सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद विशेष पुलिस टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई और उत्तर प्रदेश के देवरिया में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को सात दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।

अन्य आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ के दौरान अमित शर्मा उर्फ कैलाश शर्मा और आकाश कुमार सिंह की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी से अर्जित रकम को विभिन्न संपत्तियों और आभूषणों में निवेश किया गया था।

पुलिस ने मुख्य आरोपी संजय सिंह के लॉकर से करीब 50 लाख रुपए मूल्य के आभूषण और लगभग 3 करोड़ रुपए की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। साथ ही अन्य आरोपियों से भी संपत्ति संबंधी दस्तावेज मिले हैं, जिनका मूल्यांकन किया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपियों को खुर्सीपार गेट से SMS-3 तक मुख्य घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा चोरी के लोहे के परिवहन में उपयोग किए गए वाहनों की फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई है।

पुलिस ने बताया कि, आरोपियों द्वारा अर्जित चल और अचल संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई भी आगे की जाएगी। मामले की विवेचना जारी है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft