जशपुर। जिले से शादी समारोह के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बगीचा थाना क्षेत्र के पसिया गांव में फेरों से पहले दुल्हन के कथित रूप से अपने परिजनों के साथ समारोह स्थल से चले जाने के बाद शादी का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। मामले को लेकर दूल्हा पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, शादी की रस्में लगभग पूरी हो चुकी थीं। 30 जून को हल्दी की रस्म आयोजित की गई थी, जबकि 1 जुलाई को बारात कार्यक्रम रखा गया था। बताया जा रहा है कि लड़की पक्ष की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण विवाह समारोह दूल्हा पक्ष के निवास पर आयोजित किया जा रहा था।
जेवरात लेकर फरार
दूल्हा पक्ष का आरोप है कि, फेरे शुरू होने से पहले दुल्हन अपने परिजनों के साथ अचानक वहां से चली गई। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि शादी के लिए रखे गए सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन भी साथ ले जाए गए हैं।
दुल्हन के नहीं मिलने पर परिजनों और रिश्तेदारों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
इसके बाद दूल्हा पक्ष ने बगीचा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले में ASP राकेश पाटनवार ने बताया कि, फिलहाल यह दूल्हा पक्ष की ओर से लगाए गए आरोप हैं। दुल्हन किन परिस्थितियों में गई और जेवरात व मोबाइल ले जाने संबंधी आरोप सही हैं या नहीं, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
झलप में शराब माफियाओं का आतंक, आबकारी टीम पर हमला, जब्त शराब छुड़ाकर फरार हुए आरोपी
कुम्हारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.100 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
भिलाई स्टील प्लांट से 220 किलो स्क्रैप लोहा चोरी, एक आरोपी गिरफ्तार
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft