भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में शुक्रवार को एक 20 वर्षीय छात्रा की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान बेमेतरा निवासी खुशी साहू के रूप में हुई है, जो भिलाई के रामनगर स्थित एक PG में रहकर पढ़ाई कर रही थी। घटना के समय उसकी रूममेट बाथरूम में थी। बाहर आने पर उसने खुशी को खून से लथपथ हालत में पाया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वैशाली नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पढ़ाई के साथ कर रही थी नौकरी
जानकारी के अनुसार, खुशी साहू बेमेतरा की रहने वाली थी और उच्च शिक्षा के लिए भिलाई आई थी। पढ़ाई के साथ वह वैशाली नगर स्थित फ्रेंड्स कैफे में भी कार्यरत थी। परिवार के अनुसार, वह आत्मनिर्भर बनने के उद्देश्य से नौकरी भी कर रही थी।
सहेली के बाथरूम में रहने के दौरान हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, खुशी अपनी एक सहेली के साथ PG में रहती थी। घटना के समय उसकी सहेली बाथरूम में नहा रही थी। इसी दौरान अज्ञात हमलावर कमरे में पहुंचा और धारदार हथियार से खुशी पर हमला कर फरार हो गया।
कुछ देर बाद जब सहेली कमरे में लौटी तो उसने खुशी को खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा देखा। उसने तत्काल मकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद गंभीर हालत में खुशी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा की हत्या धारदार चाकू से की गई है। हालांकि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
CCTV फुटेज और परिचितों से पूछताछ
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। छात्रा के दोस्तों, सहकर्मियों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि, व्यक्तिगत रंजिश, परिचित की संलिप्तता या किसी अन्य कारण की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। सभी पहलुओं पर जांच जारी है। साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
अलीगंज अग्निकांड, 15 मौतों वाली बिल्डिंग गिराने का आदेश, LDA ने मालिक को दिए 15 दिन
UP में देर रात बड़ा प्रशाससनिक फेरबदल, 20 IAS अफसरों के तबादले, कई जिलों के बदले प्रभार
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft