कोरिया। कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम नौगई में रेत खनन और परिवहन विवाद को लेकर हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत सभी 9 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार देर शाम पुलिस ने पकड़े गए 5 आरोपियों का शहर में जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है” कहते हुए नजर आए।
जानकारी के अनुसार, 16 जून 2026 की रात हुए इस खूनी घटनाक्रम में कोरिया जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह, उनके चचेरे भाई नागेंद्र सिंह और बिरेंद्र सिंह की हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने कथित रूप से कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी और धारदार हथियारों से हमला किया। घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनका रायपुर में इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों अक्षत त्रिपाठी, सत्यकुमार त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी और महेंद्र त्रिपाठी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत 5 आरोपी फरार थे।
स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
MCB की पुलिस कप्तान रत्ना सिंह ने बताया कि, फरार आरोपियों में मनोज त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी और अमन त्रिपाठी ने मनेन्द्रगढ़ थाने में सरेंडर किया, जबकि गौरव त्रिपाठी को खड़गवां क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। हालांकि पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल भी उठाए हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस ने 4 आरोपियों को कोटाडोल क्षेत्र स्थित एक घर से पकड़ा था, लेकिन उन्हें सरेंडर करने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस ने निकाला आरोपियों का जुलूस
शनिवार शाम पुलिस ने मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत पांचों आरोपियों को शहर में पैदल घुमाया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर मौजूद रहे। आरोपियों का चेहरा सार्वजनिक किए जाने को लेकर पहले भी लोगों द्वारा सवाल उठाए जा रहे थे।
रेत खनन विवाद बना खूनी संघर्ष की वजह
बताया जा रहा है कि, रेत खनन और परिवहन को लेकर दो भाजपा नेताओं के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक पक्ष में भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह थे, जबकि दूसरे पक्ष में मनोज त्रिपाठी थे।
आरोप है कि, 16 जून 2026 की रात समझौते के लिए पहुंचे भरत सिंह और उनके साथियों पर हमला किया गया। हमलावरों ने पहले वाहन से कार का रास्ता रोका, फिर टक्कर मारकर उसे रोक दिया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस दौरान धारदार हथियारों से भी हमला किया गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई।
बहरहाल, दो घायल अभी भी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं और रायपुर के अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft