अकलतरा/जांजगीर-चांपा। जिले में चलाए जा रहे किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक संवेदनशील मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने 23 वर्षीय सेवक सिंह को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान समर्थित ISI नेटवर्क से जुड़े तत्वों के संपर्क में रहने के आरोप हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पंजाब का निवासी है और अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था। किरायेदार सत्यापन अभियान के तहत जब पुलिस टीम उसके ठिकाने पर पहुंची और पूछताछ की, तो उसके जवाब संदिग्ध लगे। इसके बाद मोबाइल फोन की जांच की गई।
इंटरनेशनल कनेक्शन की जांच
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मोबाइल से पाकिस्तान, सऊदी अरब सहित कई विदेशी नंबरों से संपर्क के संकेत मिले हैं। पुलिस का दावा है कि मोबाइल से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सामग्री भी मिली है, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी कथित रूप से व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तत्वों के संपर्क में था। पुलिस का आरोप है कि वह संवेदनशील स्थानों, महत्वपूर्ण व्यक्तियों और अन्य गोपनीय जानकारियों को विदेशी हैंडलर्स तक पहुंचा रहा था।
मामले में अकलतरा थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा है कि, मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपों की अंतिम पुष्टि फोरेंसिक रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
कोरिया जिले के तिहरे हत्याकांड में सभी आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शहर में निकाला जुलूस
NEET UG री-एग्जाम में लखीसराय में सॉल्वर गैंग का खुलासा, 9 आरोपी गिरफ्तार
तिरुवल्लूर में अमोनिया गैस लीक से बड़ा हादसा, 7 महिलाओं की मौत, 67 लोग प्रभावित
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft