Monday ,August 03, 2026
होमजुर्मबाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा में बड़ी चूक, बरोंडा बाजार से 8 नाबालिग फरार, खिड़की की ग्रिल तोड़कर निकले...

बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा में बड़ी चूक, बरोंडा बाजार से 8 नाबालिग फरार, खिड़की की ग्रिल तोड़कर निकले

 Newsbaji  |  Aug 03, 2026 11:32 AM  | 
Last Updated : Aug 03, 2026 11:32 AM
बरोंडा बाजार बाल संप्रेक्षण गृह से 8 नाबालिग फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बरोंडा बाजार बाल संप्रेक्षण गृह से 8 नाबालिग फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

महासमुंद। जिले के बरोंडा बाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार तड़के 8 नाबालिगों के फरार होने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि नाबालिगों ने रात करीब 2 से 3 बजे के बीच खिड़की की ग्रिल तोड़ी और संप्रेक्षण गृह परिसर से बाहर निकल गए। घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

अलग-अलग आपराधिक मामलों में थे निरुद्ध
जानकारी के मुताबिक, फरार हुए सभी नाबालिग पिछले चार से पांच महीनों के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए थे। इनमें एक नाबालिग दुष्कर्म मामले में, दो चोरी के मामलों में निरुद्ध थे, जबकि अन्य के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। फरार नाबालिगों का संबंध महासमुंद, सरायपाली, धमतरी और ओडिशा के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बताया जा रहा है।

पुलिस ने शुरू किया सर्च अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने फरार नाबालिगों की तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट किया गया है।

2 वर्ष पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
करीब दो वर्ष पहले भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह से नाबालिगों के फरार होने की घटना सामने आई थी। एक बार फिर हुई इस घटना ने संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार नाबालिगों की तलाश जारी है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft