दुर्ग। सड़क सुरक्षा को लेकर दुर्ग पुलिस और यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सतत अभियान के सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से सामने आने लगे हैं। वर्ष 2026 में जनवरी से जुलाई के बीच सड़क दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। इस अवधि में जिले में 162 लोगों की मृत्यु हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 225 लोगों की जान गई थी। यानी इस वर्ष 63 लोगों की जान बचाने में सफलता मिली, जो लगभग 28 प्रतिशत की कमी को दर्शाता है।

यातायात पुलिस द्वारा वर्षभर चलाए गए विशेष अभियानों में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन, ब्लैक स्पॉट की पहचान और निगरानी, स्कूल-कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, औद्योगिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण, संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष निगरानी जैसी प्रभावी रणनीतियां अपनाई गईं।
जनवरी से जुलाई 2026 में 860 सड़क दुर्घटनाएं
जिले में जनवरी से जुलाई 2026 के दौरान कुल 860 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 685 लोग घायल हुए तथा 162 लोगों की मृत्यु हुई। हालांकि दुर्घटनाएं अभी भी चिंता का विषय हैं, लेकिन गंभीर दुर्घटनाओं और जनहानि में आई कमी पुलिस के प्रभावी हस्तक्षेप को दर्शाती है।

दुर्घटना के बाद त्वरित रिस्पांस बना जीवनरक्षक
यातायात पुलिस द्वारा दुर्घटना की सूचना मिलते ही त्वरित रिस्पांस, समय पर राहत एवं बचाव कार्य, एम्बुलेंस समन्वय, प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन तथा लगातार चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों ने भी सड़क दुर्घटनाओं की गंभीरता को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सुपेला में सबसे अधिक दुर्घटनाएं, भिलाई नगर में सर्वाधिक मौतें
थाना-वार आंकड़ों के अनुसार सुपेला थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 139 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 102 लोग घायल हुए तथा 10 लोगों की मृत्यु हुई।
वहीं भिलाई नगर थाना क्षेत्र में 82 दुर्घटनाओं में 26 लोगों की मौत हुई, जो जिले में सर्वाधिक है। इसके अलावा जुनवानी में 17, नंदिनी में 15 तथा पुलगांव में 14 लोगों की मौत दर्ज की गई।
ब्लैक स्पॉट पर विशेष फोकस
यातायात पुलिस और संबंधित थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से ब्लैक स्पॉट की निगरानी, ओवरस्पीड पर कार्रवाई, नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध अभियान, हेलमेट एवं सीट बेल्ट की अनिवार्यता का सख्ती से पालन तथा नियमित वाहन जांच अभियान चलाए गए। इन प्रयासों का सीधा असर सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में कमी के रूप में सामने आया है।
सड़क सुरक्षा रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा अभियान आगे भी इसी तरह निरंतर जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में सुरक्षित यातायात व्यवहार विकसित करना और प्रत्येक नागरिक के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
फैक्ट
| बिंदु | आंकड़े |
| अवधि | 1 जनवरी – 31 जुलाई 2026 |
| कुल सड़क दुर्घटनाएं | 860 |
| कुल घायल | 685 |
| कुल मृतक (2026) | 162 |
| कुल मृतक(2025) | 225 |
| कुल मृतक(2024) | 213 |
| 2025 की तुलना में कमी | 63 कम मौतें |
| 2024 की तुलना में कमी | 51 कम मौतें |
| सर्वाधिक दुर्घटनाएं | सुपेला- 139 |
| सर्वाधिक घायल | सुपेला- 102 |
| सर्वाधिक मौतें | भिलाई नगर- 26 |
दुर्ग में उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू से हत्या, लूट के बाद 4 बदमाश फरार
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft