भिलाई। पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा शुरू होने से पहले ही भिलाई में चेन स्नैचरों ने पुलिस की हाई सिक्योरिटी व्यवस्था को चुनौती दे दी। रविवार को निकली भव्य कलश यात्रा में हजारों महिलाओं की भीड़ के बीच चेन झपटने की 4 से 5 शिकायतें सामने आने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद कलश यात्रा में शामिल महिलाओं में नाराजगी देखने को मिली।
11 हजार से ज्यादा महिलाएं बनीं कलश यात्रा का हिस्सा
सेक्टर-6 स्थित जयंती स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा आयोजित होनी है। आयोजन से पहले रविवार को सेक्टर-5 मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। रिमझिम बारिश के बीच निकली इस यात्रा में 11 हजार से अधिक महिलाएं शामिल हुईं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के चलते पूरे मार्ग पर भारी भीड़ रही। यात्रा सेक्टर-5 मंदिर से शुरू होकर जयंती स्टेडियम स्थित कथा पंडाल पहुंचकर संपन्न हुई।
भीड़ में महिलाओं को बनाया निशाना
कलश यात्रा के दौरान भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने महिलाओं को निशाना बनाया। पुलिस को करीब चार से पांच महिलाओं के साथ चेन स्नैचिंग के प्रयास की शिकायतें मिली हैं। घटनाओं की जानकारी सामने आते ही महिलाओं में नाराजगी फैल गई। श्रद्धालुओं ने भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब आयोजन के लिए इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, तो आखिर चेन स्नैचर भीड़ में वारदात करने में कैसे सफल हो गए?
20 राजपत्रित अफसर और 700 से ज्यादा जवान तैनात
शिव महापुराण कथा में भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। CSP सत्यप्रकाश तिवारी के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था के लिए 20 राजपत्रित अधिकारियों समेत 700 से अधिक पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके बावजूद कलश यात्रा के दौरान चेन झपटने की शिकायतें सामने आना पुलिस के लिए चिंता का विषय बन गया है।
CCTV खंगाल रही पुलिस, संदिग्ध महिलाएं हिरासत में
पुलिस अब कलश यात्रा के दौरान लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है। पुलिस ने दो से तीन संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस का कहना है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कथा से पहले सुरक्षा व्यवस्था की अग्निपरीक्षा
पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में कलश यात्रा के दौरान हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने पुलिस प्रशासन के सामने भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर नई चुनौती खड़ी कर दी है।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती कथा के दौरान जेबकतरों और चेन स्नैचरों पर प्रभावी निगरानी रखने की होगी। कलश यात्रा की घटनाओं के बाद आने वाले दिनों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किए जाने की उम्मीद है।
अशोकधाम मंदिर में भगदड़ से मचा हड़कंप, कई श्रद्धालुओं की मौत; सावन के तीसरे सोमवार पर हादसे से मातम
रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में हाथी का आतंक, नर हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत
बड़ा हादसा टला: CNG टैंकर से गैस रिसाव से मचा हड़कंप, पुलिस और दमकलकर्मी हुए अलर्ट
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft