सीतापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर में दिन दहाड़े उठाईगिरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश ने ज्वेलरी कारोबारी के करीब 1 करोड़ रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात से भरे बैग पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिन दहाड़े वारदात
जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार सुबह करीब 11:25 बजे की है। सीतापुर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग (NH-43) स्थित हाई स्कूल के पास संचालित काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के संचालक अरुण देव रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी स्कूटी के पास जेवरात से भरा बैग रखा था। इसी बीच एक अज्ञात युवक मौके का फायदा उठाकर बैग लेकर फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि, बैग में करीब 1 करोड़ रुपए कीमत के सोने और चांदी के आभूषण रखे हुए थे। व्यस्त सड़क पर दिनदहाड़े हुई इस घटना से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश
घटना दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में एक संदिग्ध युवक बैग लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है। आसपास के अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
छग पुलिस की कार्रवाई, 1000 अल्प्राजोलम टैबलेट, कार और एक लाख नकदी के साथ आरोपी गिरफ्तार
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft