लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार से 31 जुलाई तक प्रदेश के करीब 60 जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण मानसून को नई मजबूती मिली है। इसके प्रभाव से सोमवार से उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 4 से 5 दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा।
भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, कानपुर, बदायूं, रामपुर, मैनपुरी, ललितपुर, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, कन्नौज, कुशीनगर, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा करीब 30 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका भी जताई गई है।
पूर्वी यूपी और तराई पर रहेगा सबसे ज्यादा असर
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसून की सक्रियता का सबसे अधिक असर पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। इन इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। लगातार वर्षा के कारण निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी है।
एक अगस्त से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 अगस्त से बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है। वहीं राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
छग पुलिस की कार्रवाई, 1000 अल्प्राजोलम टैबलेट, कार और एक लाख नकदी के साथ आरोपी गिरफ्तार
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft