दुर्ग/रायपुर। गनियारी स्थित शिवनाथ नदी तट पर पिकनिक मनाने पहुंचे तीन युवकों के लिए रविवार की शाम दर्दनाक हादसे में बदल गई। नदी किनारे बर्तन धोने के दौरान एक युवक का अचानक पैर फिसल गया और वह शिवनाथ नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में समा गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी। मोटर बोट और आधुनिक बचाव उपकरणों के साथ टीम ने नदी में सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। नदी का तेज बहाव और गहराई रेस्क्यू टीम के लिए बड़ी चुनौती बनी रही।
दो दिन तक चला जोखिम भरा रेस्क्यू अभियान
युवक की तलाश के लिए 6 सितंबर की शाम से 7 सितंबर तक लगातार सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। SDRF के जवानों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्चिंग की। तेज जलधारा के बीच युवक की तलाश करना बेहद जोखिम भरा रहा, लेकिन टीम ने अभियान जारी रखा।
लगातार दो दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद SDRF टीम को सफलता मिली। टीम ने युवक के शव को नदी से बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
हादसे के बाद पसरा मातम
घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पिकनिक के लिए नदी तट पर पहुंचे 3 युवकों में से एक की इस तरह असमय मौत से परिवार और परिचितों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
छत्तीसगढ़ में MBBS-BDS काउंसिलिंग का दूसरा चरण शुरू, 8 सितंबर तक आवेदन
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft