Monday ,September 07, 2026
होमजुर्मकांकेर में 70 करोड़ की निवेश ठगी! 500 लोगों को बनाया शिकार, 5% ब्याज और डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने का दिया झांसा...

कांकेर में 70 करोड़ की निवेश ठगी! 500 लोगों को बनाया शिकार, 5% ब्याज और डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने का दिया झांसा

 Newsbaji  |  Sep 07, 2026 09:15 AM  | 
Last Updated : Sep 07, 2026 09:15 AM
70 करोड़ की निवेश ठगी, 500 लोगों से धोखाधड़ी; दो आरोपी गिरफ्तार
70 करोड़ की निवेश ठगी, 500 लोगों से धोखाधड़ी; दो आरोपी गिरफ्तार

कांकेर। जिले से करीब 70 करोड़ रुपए की कथित निवेश धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी में निवेश के नाम पर करीब 500 लोगों से रकम जुटाने और बाद में भुगतान बंद कर फरार होने का आरोप है। कंपनी से जुड़े लोगों ने निवेशकों को 5 प्रतिशत ब्याज (कमीशन) देने और महज डेढ़ साल में निवेश की रकम दोगुनी करने का लालच दिया था।

मामले में अंतागढ़ पुलिस और साइबर सेल कांकेर की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को पूछताछ और विवेचना के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

5 प्रतिशत ब्याज और रकम दोगुनी करने का लालच
पुलिस के अनुसार, महालक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी के संचालकों ने लोगों को आकर्षक रिटर्न का भरोसा देकर निवेश के लिए तैयार किया। निवेशकों से कहा गया कि कंपनी में रकम लगाने पर उन्हें 5 प्रतिशत ब्याज/कमीशन दिया जाएगा और करीब डेढ़ साल में उनकी निवेश राशि दोगुनी हो जाएगी। इस आकर्षक ऑफर के चलते कांकेर के साथ-साथ दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर और अन्य क्षेत्रों के लोगों ने भी कंपनी में पैसा लगाया।

बैंक से लोन लेकर भी कराया निवेश
मामले में सामने आई जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने कई लोगों को अलग-अलग बैंकों से लोन लेने के लिए प्रेरित किया। लोन मिलने के बाद उसकी पूरी राशि कंपनी में निवेश कराने का आरोप है। पीड़ितों में सरकारी कर्मचारियों के अलावा अन्य वर्गों के लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। कई लोगों ने कंपनी के वादे पर भरोसा करके अपनी बचत के साथ-साथ कर्ज की रकम भी निवेश कर दी।

पहले भुगतान किया, फिर बंद कर दिया पैसा देना
निवेशकों का विश्वास जीतने के लिए शुरुआत में आरोपियों की ओर से कुछ किश्तों का भुगतान किया गया। समय पर भुगतान मिलने से लोगों का भरोसा कंपनी पर और मजबूत होता गया। इसके बाद निवेशकों ने बड़ी रकम कंपनी में लगानी शुरू कर दी। आरोप है कि पर्याप्त रकम जुटाने के बाद कंपनी की ओर से भुगतान बंद कर दिया गया। इसके बाद निवेशकों को अपनी जमा रकम वापस नहीं मिली और आरोपियों के फरार होने की बात सामने आई।

तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की शिकायत के बाद अंतागढ़ पुलिस और साइबर सेल कांकेर की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश की। जांच के दौरान पुलिस ने दयाशंकर साहू (45) को ग्राम ढेलका, साजा, जिला बेमेतरा से गिरफ्तार किया। दयाशंकर साहू निवासी बंदरचुआ, थाना ढोकड़ा, जिला जशपुर बताया गया है। उसका वर्तमान पता भिलाई सेक्टर-9, हुडको, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग है।

वहीं, दूसरे आरोपी नितिन निर्मलकर (26) को रायपुर से गिरफ्तार किया गया। नितिन निर्मलकर निवासी गधियापारा, सिरसाकला, पोस्ट सिरसाकला, थाना भिलाई, जिला दुर्ग बताया गया है। उसका वर्तमान पता मटपारा, बजरंग चौक, रायपुर, थाना पुरानी बस्ती, जिला रायपुर है।

70 करोड़ की कथित ठगी की जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। करीब 500 लोगों से लगभग 70 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के इस मामले में कंपनी के संचालन, निवेशकों से जुटाई गई रकम, बैंक खातों में हुए लेन-देन और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

निवेशकों में बढ़ी चिंता
करोड़ों रुपए की कथित धोखाधड़ी सामने आने के बाद उन लोगों की चिंता बढ़ गई है, जिन्होंने कंपनी के वादे पर भरोसा कर अपनी जमा पूंजी या बैंक से लिया गया कर्ज निवेश किया था। अब निवेशकों की नजर पुलिस की आगे की जांच और रकम की रिकवरी की कार्रवाई पर है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft