बिलासपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का मंगलवार को निधन हो गया। वे बिलासपुर में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार रूपनारायण सिन्हा प्रशिक्षण शिविर में बतौर प्रशिक्षण प्रभारी मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें सीने में दर्द और बेचैनी महसूस हुई। मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें सिम्स अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया। डॉक्टरों की टीम ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
रूपनारायण सिन्हा को जनवरी 2025 में छत्तीसगढ़ योग आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इस पद के साथ उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी प्राप्त था। योग और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर वे प्रदेशभर में लगातार सक्रिय रहते थे और कई कार्यक्रमों में भाग लेते रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा के वरिष्ठ नेता नारायण चंदेल समेत कई नेता सिम्स अस्पताल पहुंचे। निधन की खबर सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि प्रशिक्षण शिविर में पार्टी संगठन को लेकर महत्वपूर्ण सत्र चल रहे थे, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए थे। अचानक हुई इस घटना से पूरा आयोजन गमगीन हो गया।
रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए थे और पार्टी के विभिन्न अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। संगठनात्मक अनुभव और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ के कारण उन्हें पार्टी में विशेष सम्मान प्राप्त था।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft