सूरजपुर। जिले के विश्रामपुर थाना के सामने चल रहे कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन ने अब नया मोड़ ले लिया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने पुलिस प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि यदि शाम 6:00 बजे तक उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो वे भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
टीएस सिंह देव ने कहा कि, मंगलवार को वे सूर्यास्त तक उपवास रखते हैं और यदि तब तक प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो उनका उपवास भूख हड़ताल में बदल जाएगा।
दरअसल, यह मामला सूरजपुर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन से जुड़ा है। शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के दौरान हुए विवाद के बाद नरेंद्र जैन पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। कांग्रेस इस कार्रवाई को निरस्त करने की मांग कर रही है।
25 मई को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत जिले के कांग्रेस पदाधिकारी विश्रामपुर थाने पहुंचे थे। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने उनकी मांगों को अनसुना कर दिया, जिसके बाद सभी नेता थाने के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।
कांग्रेस का यह भी आरोप है कि, नरेंद्र जैन के घर जाकर विवाद करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के खिलाफ बार-बार मांग के बावजूद पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है।
शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। आरोप है कि, चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता नरेंद्र जैन पर गाली-गलौज और धमकी से जुड़े मामले में आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि भाजपा के दबाव में मामला दर्ज किया गया है, जबकि उनकी ओर से दिए गए आवेदन पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इसी को लेकर पार्टी आंदोलन पर उतर आई है।
बता दे कि, 1 जून 2026 को नगर पंचायत शिवनंदनपुर का पहला नगर पंचायत चुनाव होने जा रहा है, जिसको लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
भाजपा नेता रूपनारायण सिन्हा का निधन, प्रशिक्षण शिविर के दौरान पड़ा दिल का दौरा
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, बिहार के दारोगा और कैदी समेत 6 की मौत, 25 घायल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft