दुर्ग। शिवनाथ नदी के तेज बहाव में बह रहे एक अज्ञात व्यक्ति के शव को SDRF दुर्ग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जिला कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया और शव को बरामद करने में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार, 01 नवंबर 2026 को जिला कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि भिलाई-राजनांदगांव बायपास पुल के नीचे शिवनाथ नदी के तेज बहाव में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बहता हुआ दिखाई दिया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए जिला सेनानी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर SDRF दुर्ग की रेस्क्यू टीम तत्काल सक्रिय हुई।
टीम रेस्क्यू बोट, लाइफ जैकेट एवं आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। नदी के तेज बहाव और जलप्रवाह की दिशा को ध्यान में रखते हुए जवानों ने पिपरछेड़ी-कोटनी क्षेत्र के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया। काफी सतर्कता और सूझबूझ के साथ अभियान संचालित करते हुए SDRF जवानों ने नदी के जलप्रवाह से अज्ञात पुरुष के शव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद शव को मर्ग जांच के लिए मौके पर उपस्थित थाना पुलगांव (चौकी नगपुरा) पुलिस बल के सुपुर्द कर दिया गया।
सफल रेस्क्यू ऑपरेशन
SDRF दुर्ग की टीम ने एक बार फिर आपातकालीन परिस्थितियों में अपनी तत्परता, साहस और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया। नदी के तेज बहाव जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी टीम ने समन्वय और सतर्कता के साथ रेस्क्यू अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft