Saturday ,October 31, 2026
होमजुर्मशादी का सपना दिखाकर देशभर में साइबर ठगी! सुपेला में फर्जी मैरिज ब्यूरो का भंडाफोड़, लाखों का सामान जब्त...

शादी का सपना दिखाकर देशभर में साइबर ठगी! सुपेला में फर्जी मैरिज ब्यूरो का भंडाफोड़, लाखों का सामान जब्त

 Newsbaji  |  Oct 31, 2026 11:12 AM  | 
Last Updated : Oct 31, 2026 11:12 AM
फर्जी मैरिज ब्यूरो का भंडाफोड़, सुपेला पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
फर्जी मैरिज ब्यूरो का भंडाफोड़, सुपेला पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

भिलाई। शादी के नाम पर जीवनसाथी तलाश रहे लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक फर्जी मैरिज ब्यूरो का सुपेला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। उत्तर गंगोत्री भवन में यूनियन बैंक के पास संचालित इस फर्जी मैरिज ब्यूरो के जरिए देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को विवाह का झांसा देकर साइबर धोखाधड़ी की जा रही थी। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी परमानंद यादव (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। 

सोशल मीडिया पर AI से बनी लड़कियों की तस्वीरें, शादी के नाम पर बिछाया ठगी का जाल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सुपेला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर गंगोत्री भवन स्थित एक परिसर के हॉल में 'एलिट मैच मैट्रिमोनी' के नाम से फर्जी मैरिज ब्यूरो संचालित किया जा रहा है। यहां कॉल सेंटर की तर्ज पर फर्जी सिम कार्ड और म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल कर लोगों से साइबर ठगी की जा रही है।

सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस की टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। वहां मैरिज ब्यूरो का संचालक परमानंद यादव और चार युवतियां काम करते हुए मिलीं। तलाशी के दौरान पुलिस को कंप्यूटर, वाई-फाई, कीपैड एवं एंड्रॉयड मोबाइल फोन, सिम कार्ड, विभिन्न बैंक खातों की पासबुक और चेकबुक, भुगतान के लिए QR कोड, प्रचार सामग्री तथा ग्राहकों के मोबाइल नंबर और भुगतान का हिसाब दर्ज करने वाले रजिस्टर मिले।

नौकरी का झांसा देकर युवतियों से करवाता था कॉलिंग
जांच में सामने आया कि आरोपी ने चार युवतियों को अच्छी कंपनी में नौकरी देने का झांसा देकर बुलाया था। उन्हें प्रतिमाह 7 हजार रुपए वेतन देने का आश्वासन दिया गया और दो दिन का प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके बाद उन्हें मैरिज काउंसलर बनाकर ग्राहकों से फोन पर बातचीत करने और QR कोड के माध्यम से भुगतान प्राप्त करने का काम सौंपा गया था।

फ्यूचर पार्टनर, कल्याण और एलिट मैच के नाम से चल रहा था नेटवर्क
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 'फ्यूचर पार्टनर', 'कल्याण मैट्रिमोनी' और 'एलिट मैच मैट्रिमोनी' के नाम से फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पर प्रचार करता था। इसके लिए AI की मदद से तैयार काल्पनिक लड़कियों की तस्वीरों और फर्जी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया जाता था।

सोशल मीडिया पर विवाह संबंधी आकर्षक प्रचार देखकर दूसरे राज्यों के विवाह इच्छुक लोग संपर्क करते थे। उनसे फोन पर बातचीत कर बायोडाटा मंगाया जाता था। इसके बाद उनकी पसंद की लड़की से शादी कराने का भरोसा दिलाकर मैरिज काउंसलर के नाम से बनाए गए बैंक खातों के QR कोड भेजे जाते थे। शुरुआत में 2000 रुपए और फिर अलग-अलग बहानों से अन्य रकम जमा कराई जाती थी।

पैसे मिलते ही मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट, संपर्क पूरी तरह बंद
आरोपी की ठगी का तरीका बेहद सुनियोजित था। जैसे ही ग्राहक QR कोड के जरिए रकम जमा करता, उसके मोबाइल नंबर को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाता था और उससे संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया जाता था। इस तरह शादी की उम्मीद लेकर संपर्क करने वाले लोग ठगी का शिकार हो जाते थे।

पूछताछ में आरोपी ने पिछले लगभग तीन महीने से इस गतिविधि को संचालित करना बताया है। इस दौरान प्रतिदिन करीब 20 से 50 कॉल किए और प्राप्त किए जाते थे। पुलिस द्वारा जांचे गए विभिन्न बैंक खातों के संबंध में भारत सरकार के समन्वय पोर्टल पर भी शिकायतें दर्ज मिली हैं।

पुलिस ने क्या-क्या किया जब्त?
पुलिस की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज और ₹1,64,000 रुपए नगद बरामद किए है। इसके अलावा 22 कीपैड मोबाइल और 4 एंड्रॉयड मोबाइल सहित एक नीले रंग का मोटोरोला मोबाइल के साथ एयरटेल एवं वीआई कंपनी के कुल 16 सिम कार्ड बरामद किए है। बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, फेडरल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक एवं IDBI बैंक सहित विभिन्न खातों की चेकबुक और एक पासबुक, एक सेट कंप्यूटर और एयरटेल कंपनी का वाई-फाई उपकरण जब्त किए। 

इसके साथ ही QR कोड, मैरिज ब्यूरो के प्रचार संबंधी फ्लेक्स और ग्राहकों के लेन-देन का रिकॉर्ड रखने वाले रजिस्टर समेत कुल 283600 रुपए की राशि जब्त की गई है। 
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft