Monday ,October 26, 2026
होमछत्तीसगढ़सिमगा में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई यात्री बस, 3 की मौत, 10 घायल...

सिमगा में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई यात्री बस, 3 की मौत, 10 घायल

 Newsbaji  |  Oct 26, 2026 09:57 AM  | 
Last Updated : Oct 26, 2026 09:57 AM
सिमगा सड़क हादसा: बस-ट्रक की टक्कर में 3 की मौत, कई घायल
सिमगा सड़क हादसा: बस-ट्रक की टक्कर में 3 की मौत, कई घायल

सिमगा के पास भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई यात्री बस, 3 की मौत, 10 लोग घायल 

बिलासपुर । बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। सिमगा विकासखंड के ग्राम दरचुरा के पहले इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की यात्री बस क्रमांक CG04 NM 0859 सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 लोगों के घायल होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है।

सुबह करीब 5:30 बजे हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे हुई। बिलासपुर से रायपुर की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक खराब होने के कारण खड़ा था। सुरक्षा के लिहाज से ट्रक के पास स्टॉपर भी लगाए गए थे। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि अंबिकापुर से रायपुर जा रही यात्री बस पीछे से खड़े ट्रक से जा टकराई।

बस में सवार थे 22 यात्री

बताया जा रहा है कि, हादसे के समय बस में कुल 22 लोग सवार थे। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। कुछ घायल यात्री दुर्घटनाग्रस्त बस के भीतर फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए बचाव दल को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।

प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस बल, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। बस में फंसे घायलों को गैस कटर सहित अन्य उपकरणों की मदद से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए शासकीय अस्पताल सिमगा भेजा जा रहा है।

फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है। हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी और घायलों की स्थिति का इंतजार है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft