मुंबई। बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जाने-माने फिल्म निर्देशक, निर्माता और पटकथा लेखक संजय गुप्ता के निधन की खबर से सिनेमा जगत में शोक की लहर है।
बताया जा रहा है कि, 57 वर्षीय संजय गुप्ता ने 30 अक्टूबर 2026 को अंतिम सांस ली। खबरों के मुताबिक, वह रात में अपने बाथरूम में गिर गए थे। घर में मौजूद लोगों को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। 31 अक्टूबर की सुबह जब उन्हें देखा गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हालांकि, उनकी मौत के वास्तविक कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सुबह मिली निधन की दुखद खबर, परिवार के प्रति जताई संवेदना
संजय गुप्ता के निधन की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों और फिल्मी दुनिया से जुड़े लोगों में शोक का माहौल है। अभिनेता तुषार कपूर और कमाल आर. खान ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी।
'कांटे' से 'मुंबई सागा' तक बनाई कई यादगार फिल्में
संजय गुप्ता बॉलीवुड के उन फिल्म निर्देशकों में शामिल रहे, जिन्होंने अपनी अलग फिल्म निर्माण शैली और दमदार कहानियों से दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। उनके निर्देशन में बनी फिल्मों में 'कांटे', 'शूटआउट एट वडाला', 'काबिल', 'आतिश', 'राम शस्त्र', 'जंग', 'जज्बा', 'जिंदा', 'मुसाफिर' और 'मुंबई सागा' जैसी फिल्में शामिल हैं।
उनकी कई फिल्मों को दर्शकों ने खूब पसंद किया। खासतौर पर एक्शन और क्राइम ड्रामा फिल्मों के क्षेत्र में संजय गुप्ता ने अपनी अलग पहचान स्थापित की थी।
निर्माता के तौर पर भी छोड़ी खास छाप
निर्देशन के अलावा संजय गुप्ता ने फिल्म निर्माता के रूप में भी बॉलीवुड में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने 'शूटआउट एट लोखंडवाला', 'प्लान', 'वुडस्टॉक विला', 'एसिड फैक्ट्री' और 'पंख' जैसी फिल्मों का निर्माण किया।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft