रायपुर। छात्रों से प्रैक्टिकल के नाम पर कथित रूप से की जा रही अवैध वसूली का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। इस मामले को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी की टीम ने आज बोरियाकला स्थित CG College of Nursing पहुंचकर कॉलेज प्रबंधन से मुलाकात की और छात्रों से की जा रही कथित अतिरिक्त वसूली पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश संगठन महामंत्री नीलेश चौहान ने कॉलेज प्रबंधन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि प्रैक्टिकल के नाम पर छात्रों से की जा रही कथित अवैध वसूली तत्काल बंद की जाए। उन्होंने कहा कि पहले से ही शिक्षा का खर्च वहन कर रहे विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालना उनके भविष्य के साथ अन्याय है। छात्रों का आर्थिक शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नीलेश चौहान ने प्रबंधन को दो टूक कहा कि यदि सोमवार तक कथित वसूली बंद नहीं की गई, तो जनता कांग्रेस द्वारा आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और प्रशिक्षण देना होना चाहिए, न कि उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना। छात्रों के अधिकारों की रक्षा करना जनता कांग्रेस की प्राथमिकता है और विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय होने पर संगठन उनके साथ खड़ा रहेगा।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के हितों से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।
शिवनाथ नदी में SDRF का सर्च ऑपरेशन, तेज बहाव से अज्ञात व्यक्ति का शव सुरक्षित बाहर निकाला
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft