रायपुर। प्रदेश में भीषण गर्मी और बढ़ते पेयजल संकट के बीच स्कूलों के संचालन को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। कर्मचारी संघों ने सरकार से विद्यालय खोलने की निर्धारित तिथि को आगे बढ़ाने की मांग करते हुए कहा है कि वर्तमान मौसम और जल संकट की स्थिति में छात्रों एवं शिक्षकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
संघ की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश पदाधिकारी उमा जाटव, बलविंदर कौर, गंगा शरण पासी, नंदिनी देशमुख, ज्योति सक्सेना, गीता चंद्राकर और रूपा साहू ने स्कूल संचालन की तिथि बढ़ाने की मांग का समर्थन किया है। उनका कहना है कि मौसम सामान्य होने के बाद ही विद्यालयों को खोला जाना चाहिए।
संघ के प्रदेश पदाधिकारियों गिरीश साहू, अमितेश तिवारी, दुष्यंत कुम्भकार, रूपेंद्र सिन्हा, संजय साहू, अजय कड़व, प्रकाशचंद कांगे, सतीस टंडन, चंद्रशेखर रात्रे, राजेश शुक्ला, बृजनारायण मिश्रा, शंकरलाल भार्गव, मनोज चंद्रा और जितेंद्र देवांगन ने बताया कि प्रदेश के अनेक ग्रामीण इलाकों में भू-जल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। इसके चलते कई नलकूप और बोरवेल पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं, जिससे कई स्कूलों में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है।
संघ का कहना है कि, यदि ऐसी परिस्थितियों में स्कूल खोले जाते हैं तो छात्रों को गर्मी और पानी की कमी जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सरकार को जमीनी परिस्थितियों का आकलन कर निर्णय लेना चाहिए।
प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विभाग की विशेष तैयारी
दूसरी ओर शिक्षा विभाग ने 16 जून से नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों की सूची प्राप्त कर उन्हें सीधे कक्षा पहली में प्रवेश दिया जाएगा। वहीं प्राथमिक शालाओं से पांचवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों की सूची और स्थानांतरण प्रमाण-पत्र लेकर उन्हें सीधे कक्षा छठवीं में दाखिला दिया जाएगा।
इसके अलावा स्कूल छोड़ चुके बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft