Friday ,August 14, 2026
होमछत्तीसगढ़पार्षद पर अभद्रता का आरोप, जोन आयुक्त पहुंचीं महिला आयोग, अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने दिया कार्रवाई का भरोसा...

पार्षद पर अभद्रता का आरोप, जोन आयुक्त पहुंचीं महिला आयोग, अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने दिया कार्रवाई का भरोसा

 Newsbaji  |  Aug 14, 2026 04:16 PM  | 
Last Updated : Aug 14, 2026 04:16 PM
पार्षद संदीप साहू के खिलाफ जोन आयुक्त राजेश्वरी पटेल की महिला आयोग में शिकायत
पार्षद संदीप साहू के खिलाफ जोन आयुक्त राजेश्वरी पटेल की महिला आयोग में शिकायत

रायपुर। नगर निगम रायपुर की जोन आयुक्त राजेश्वरी पटेल ने पार्षद संदीप साहू के खिलाफ कथित अभद्रता और दुर्व्यवहार को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया है। जोन आयुक्त ने महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत प्रस्तुत की।

आयोग के सामने रखा पूरा घटनाक्रम
मुलाकात के दौरान राजेश्वरी पटेल ने अपने साथ हुए कथित व्यवहार का सिलसिलेवार ब्यौरा आयोग अध्यक्ष के समक्ष रखा। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। जोन आयुक्त की शिकायत के बाद यह मामला नगर निगम के साथ-साथ महिला आयोग के स्तर पर भी चर्चा में आ गया है।

डॉ. ममता साहू ने कहा- महिलाओं के सम्मान से समझौता नहीं
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने स्पष्ट कहा कि, महिलाओं के सम्मान, गरिमा और अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिकायत में सामने आए तथ्यों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। डॉ. साहू ने यह भी कहा कि महिलाओं के सम्मान की रक्षा और उनकी आवाज को मजबूती से उठाना राज्य महिला आयोग की प्राथमिकताओं में शामिल है।

अब आयोग की कार्रवाई पर नजर
जोन आयुक्त की शिकायत के बाद अब पूरे मामले में महिला आयोग की ओर से की जाने वाली जांच और आगामी कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारी को लेकर तस्वीर स्पष्ट होगी।

फिलहाल, नगर निगम से जुड़े इस मामले ने प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर चर्चा तेज कर दी है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft