अंबिकापुर। जिले में स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में रैगिंग का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि, 12वीं कक्षा के कुछ छात्रों ने रैगिंग के दौरान 11वीं कक्षा के दो छात्रों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान लोहे के कड़े से सिर पर हमला किए जाने से दोनों छात्र घायल हो गए। घटना के बाद से हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों के बीच भी डर का माहौल बताया जा रहा है।
रात में हुई मारपीट, दोनों छात्र हो गए बेहोश
मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय का है। जानकारी के मुताबिक, 3 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच हॉस्टल में 12वीं कक्षा के कुछ छात्रों ने 11वीं के दो छात्रों की रैगिंग शुरू की। आरोप है कि इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई और लोहे के कड़े से सिर पर वार कर दिया गया।
हमले में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए और मौके पर ही बेहोश हो गए। घटना को लेकर अब स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और हॉस्टल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
परिजनों को नहीं दी गई घटना की जानकारी
मामले में सबसे गंभीर आरोप हॉस्टल प्रबंधन पर लगाया गया है। परिजनों का कहना है कि बच्चे घायल होने के बावजूद उन्हें तत्काल घटना की सूचना नहीं दी गई। पुलिस में शिकायत के बाद उन्हें पूरे मामले की जानकारी मिली। घायल छात्र प्रशांत के पिता अजय कुमार मार्को ने बताया कि उनके बेटे ने फोन कर घटना की जानकारी दी। बेटे ने बताया कि वरिष्ठ छात्रों ने रैगिंग के दौरान उसके साथ मारपीट की।
पिता ने प्राचार्य और अधीक्षक पर लगाए आरोप
प्रशांत के पिता अजय कुमार मार्को ने हॉस्टल अधीक्षक और प्राचार्य पर घटना की जानकारी समय पर नहीं देने का आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि आवासीय विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रबंधन की है, ऐसे में इतनी गंभीर घटना के बाद अभिभावकों को तत्काल सूचना दी जानी चाहिए थी।
4 नाबालिगों के खिलाफ अपराध दर्ज
मामले की शिकायत मिलने के बाद गांधीनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। चार नाबालिगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य छात्रों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हॉस्टल में बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना सामने आने के बाद अन्य छात्रों के अभिभावक भी अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। परिजनों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही हॉस्टल में रैगिंग रोकने और छात्रों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अब देखना होगा कि जांच में घटना के पीछे की पूरी वजह क्या सामने आती है और हॉस्टल प्रबंधन की भूमिका को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर क्या कार्रवाई होती है।
त्रिशूर में भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार; 8 छात्रों की मौत
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft