सरगुजा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के भव्य आयोजन को लेकर सरगुजा प्रशासन की तैयारियां अब सवालों के घेरे में आ गई हैं। पीजी कॉलेज मैदान में विशाल डोम और टेंट खड़े होने के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर निविदा प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही कार्य कैसे शुरू हो गया। प्रशासनिक दस्तावेजों और मैदान में चल रही गतिविधियों को लेकर पारदर्शिता पर प्रश्न उठने लगे हैं।
डोम और टेंट को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार, 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम के लिए 16 जून को कलेक्टर कार्यालय से आदेश जारी किया गया। इसके बाद 17 जून को बजट स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी हुई और देर रात विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई। हालांकि स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि इन प्रक्रियाओं से पहले ही पीजी कॉलेज मैदान में डोम और टेंट लगाने का कार्य शुरू हो चुका था।
बताया जा रहा है कि, इस आयोजन पर लगभग डेढ़ करोड़ रुपए खर्च किए जाने की संभावना है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब प्रशासनिक प्रक्रिया और जिम्मेदार अधिकारियों की नियुक्ति बाद में हुई, तो कार्य प्रारंभ करने की अनुमति किस स्तर से दी गई और इसका आधार क्या था।
मामले में एक और पहलू तब सामने आया जब कुछ विभागीय अधिकारियों ने अनौपचारिक रूप से स्वीकार किया कि उन्हें भी व्यवस्थाओं की जानकारी बाद में मिली। इससे आयोजन की निर्णय प्रक्रिया और समन्वय को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
नाराजगी आई सामने
इधर स्थानीय टेंट व्यवसायियों ने भी नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि जिले में होने वाले बड़े आयोजनों में स्थानीय व्यवसायियों को पर्याप्त अवसर नहीं दिए जा रहे हैं। उनका कहना है कि पूर्व में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम और खेलो इंडिया प्रतियोगिता के दौरान भी स्थानीय स्तर पर जानकारी नहीं दी गई थी और इस बार भी बाहरी एजेंसी द्वारा सीधे कार्य शुरू कर दिया गया।
मामले ने अब राजनीतिक रंग भी लेना शुरू कर दिया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि यदि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले कार्य प्रारंभ हुआ है तो इसकी जांच होनी चाहिए और जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
फिलहाल इस पूरे मामले पर प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। प्रशासन की प्रतिक्रिया आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।
मालखाने से एक करोड़ से ज्यादा के आभूषण गायब! पुलिस बोली- बंदर ले गए, कोर्ट ने मांगी रिपोर्ट
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft