रायपुर। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस के अफसरों और कर्मचारियों को उनकी वीरता, विशिष्ट सेवाओं और सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदकों से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। भारत सरकार, गृह मंत्रालय, नई दिल्ली के अनुसार छत्तीसगढ़ पुलिस के कुल 152 अफसरों एवं कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किए जाएंगे।
इनमें 141 पुलिस अफसर-कर्मचारी राष्ट्रपति के वीरता पदक, एक अधिकारी विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक तथा 10 अफसरों-कर्मचारियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पदक प्रदान किया जाएगा।
नारायणपुर, सुकमा और कांकेर के जवानों का दबदबा
वीरता पदक पाने वालों में बड़ी संख्या नारायणपुर, सुकमा और कांकेर जिले में तैनात पुलिसकर्मियों की है। इनमें पुलिस अधिकारियों के साथ STF, DSF और बस्तर फाइटर्स के जवान भी शामिल हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कर्तव्य निर्वहन और साहस के लिए इन जवानों को राष्ट्रपति के वीरता पदक के लिए चुना गया है।
वीरता पदक पाने वालों में रोबिनसन गुड़िया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नारायणपुर (हाल DCP रायपुर), विनय कुमार, उप पुलिस अधीक्षक नारायणपुर (हाल SDOP बेरला, बेमेतरा), सोहन लाल एवं महंथ कुमार, उप पुलिस अधीक्षक STF, सहित नारायणपुर और STF के अनेक अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
सुकमा से भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को वीरता पदक के लिए चुना गया है। इनमें प्रधान आरक्षक सोड़ी रामा, प्रधान आरक्षक सोड़ी अजय, आरक्षक बोड्डू लक्ष्मैया, कट्टम मुत्ता, सेमल रमेश, कुहराम रामबाबु, माड़वी कोसा सहित कई जवान शामिल हैं।
कांकेर के बड़ी संख्या में जवान सम्मानित
कांकेर जिले से भी बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी वीरता पदक की सूची में शामिल हैं। इनमें अनुविभागीय पुलिस अधिकारी रवि कुमार कुजूर, उप निरीक्षक रामचन्द्र साहू, उप निरीक्षक संतोष मिश्रा तथा बस्तर फाइटर्स, डीएसएफ और जिला पुलिस बल के बड़ी संख्या में जवान शामिल हैं। सूची में स्वर्गीय आरक्षक नितेश एक्का, एसटीएफ का नाम भी वीरता पदक के लिए शामिल है। इसके अलावा विभिन्न अभियानों में योगदान देने वाले बस्तर फाइटर्स और DSF के जवानों को भी सम्मानित किया जाएगा।
विशिष्ट सेवा के लिए मोतीलाल कोटवानी को राष्ट्रपति पदक
विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक पुलिस उप महानिरीक्षक (विशेष शाखा), पुलिस मुख्यालय रायपुर मोती लाल कोटवानी को प्रदान किया जाएगा।
10 अफसरों-कर्मचारियों को सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक पाने वालों में पुलिस अधीक्षक मुख्यमंत्री सुरक्षा रायपुर ओम प्रकाश शर्मा, सहायक पुलिस महानिरीक्षक (ANTF) गायत्री सिंह, पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल रायपुर डॉ. अर्चना झा, पुलिस उपायुक्त जोन उत्तर रायपुर दीपमाला कश्यप, उप सेनानी 4वीं वाहिनी छसबल माना रमा पटेल, सहायक सेनानी 6वीं वाहिनी छसबल रायगढ़ ब्रजेश कुमार तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक विशेष शाखा भिलाई सविता सिंह परिहार, निरीक्षक प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई पिनाकी भट्टाचार्जी, कंपनी कमांडर एसटीएफ बघेरा दुर्ग राकेश कुमार सिंह तथा प्लाटून कमांडर एसटीएफ बघेरा दुर्ग नेहरू लाल शामिल हैं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति पुलिस पदकों की यह घोषणा छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए गौरव का विषय है। वीरता पदक के लिए चयनित पुलिसकर्मियों में बड़ी संख्या बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात जवानों की है, जिन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाई।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft