बेमेतरा। जिले की साजा तहसील अंतर्गत डोंगी तराई क्षेत्र में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोर पटवारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी की पहचान ओमकार सोनवानी के रूप में हुई है, जो जमीन बंटवारे के मामले में किसान से रिश्वत की मांग कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के किसान नरोत्तम अपनी पैतृक जमीन के बंटवारे की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए राजस्व विभाग के चक्कर काट रहा था। आरोप है कि इस काम को आगे बढ़ाने और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के एवज में पटवारी ओमकार सोनवानी ने किसान से 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
लगातार रिश्वत की मांग से परेशान किसान ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने मामले की प्राथमिक जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
तय योजना के अनुसार किसान नरोत्तम रिश्वत की रकम लेकर आरोपी पटवारी के पास पहुंचा। जैसे ही पकरटवारी ने किसान से 15 हजार रुपए लिए, पहले से मौके पर मौजूद ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
ACB की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। आरोपी पटवारी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
सूत्रों के मुताबिक, ACB अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पटवारी पहले भी इसी तरह लोगों से अवैध वसूली करता था या नहीं। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा सकती है।
प्रदेश में लगातार भ्रष्टाचार के मामलों पर कार्रवाई हो रही है, लेकिन इसके बावजूद रिश्वतखोरी के मामले सामने आना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन संबंधी कार्यों के लिए आम लोगों को अब भी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
38 लाख रुपए के गबन का खुलासा, कंपनी की रकम से बनवाया मकान, एरिया सेल्स ऑफिसर गिरफ्तार
महंगाई की नई मार: पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, रायपुर में पेट्रोल 108 रुपये के करीब
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft