Saturday ,May 30, 2026
होमछत्तीसगढ़रायपुर के उरला मेटल पार्क स्थित बिस्किट फैक्ट्री में भीषण आग, करोड़ों का नुकसान...

रायपुर के उरला मेटल पार्क स्थित बिस्किट फैक्ट्री में भीषण आग, करोड़ों का नुकसान

 Newsbaji  |  May 30, 2026 10:25 AM  | 
Last Updated : May 30, 2026 10:25 AM
रायपुर के उरला मेटल पार्क स्थित बिस्किट फैक्ट्री में लगी भीषण आग पर काबू पाने में जुटी दमकल टीम
रायपुर के उरला मेटल पार्क स्थित बिस्किट फैक्ट्री में लगी भीषण आग पर काबू पाने में जुटी दमकल टीम

रायपुर। जिले के उरला मेटल पार्क स्थित एक बिस्किट निर्माण फैक्ट्री में सोमवार को भीषण आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि, उसका घना धुआं कई किमी दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना खमतराई थाना क्षेत्र के रावभाटा स्थित भारती फूड्स फैक्ट्री की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, SDRF और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया और उसे आसपास के हिस्सों में फैलने से रोका।

आग लगने के बाद फैक्ट्री के भीतर कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी, जिसके चलते बचाव दल ने तत्काल सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि पुलिस के मुताबिक अब तक किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री में बिस्किट निर्माण का कार्य किया जाता है और इसकी संचालक भारती कोड़वानी हैं। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री की मशीनरी, तैयार माल और अन्य संसाधनों को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक हादसे में करीब 4 से 5 करोड़ रुपए की संपत्ति जलकर खाक हो गई है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभागों की टीम मामले की जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से लगी हो सकती है। वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft