Wednesday ,August 19, 2026
होमछत्तीसगढ़नवीन देशभक्ति गीतों ने बांधा समां, शहीदों को गीतों के माध्यम से दी श्रद्धांजलि...

नवीन देशभक्ति गीतों ने बांधा समां, शहीदों को गीतों के माध्यम से दी श्रद्धांजलि

 Newsbaji  |  Aug 19, 2026 02:33 PM  | 
Last Updated : Aug 19, 2026 02:33 PM
निर्मल ज्ञान मंदिर में देशभक्ति के गीतों के साथ कार्यक्रम
निर्मल ज्ञान मंदिर में देशभक्ति के गीतों के साथ कार्यक्रम

भिलाई। भिलाई के नेहरू नगर स्थित निर्मल ज्ञान मंदिर (कबीर आश्रम) में देशभक्ति के जज्बे और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगीत, गीतों और रचनात्मक प्रस्तुतियों ने समारोह में ऐसा माहौल बनाया कि पूरा आश्रम देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. हीरा लाल, आश्रम के अध्यक्ष आत्माराम साहू तथा संत साहेब उमेंद्र साहेब और धनंजय साहेब की गरिमामयी उपस्थिति में ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सदस्यों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारियों को लेकर अपने विचार साझा किए।

नए देशभक्ति गीतों ने जीता दिल
समारोह का सबसे खास आकर्षण दो नवीन देशभक्ति गीत रहे। डालेश्वरी साहू, सरस्वती, प्रेमलता, इंद्र कुमार धनकर, डॉ. हीरा लाल, संत साहेब धनंजय और संत साहेब उमेंद्र द्वारा प्रस्तुत “वीरों शहीदों की भूमि को प्रणाम” तथा “कदम कदम पर आज हमारे” गीतों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रभक्ति का जोश भर दिया।

इन प्रस्तुतियों के दौरान वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट और देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। गीतों के माध्यम से देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

देशभक्ति गीतों के साथ गुरुवंदना ने भी मोहा मन
कार्यक्रम में तिलक वर्मा ने लोकप्रिय देशभक्ति गीत “मेरा रंग दे बसंती चोला” प्रस्तुत किया। वहीं डॉ. हीरा लाल ने “जहां डाल-डाल पर” गीत की प्रस्तुति दी। डालेश्वरी साहू द्वारा प्रस्तुत गुरुवंदना ने कार्यक्रम में आध्यात्मिक भाव का भी समावेश किया।

अध्यक्षीय उद्बोधन के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में आश्रम के अध्यक्ष आत्माराम साहू ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए देश की एकता, सामाजिक सद्भाव और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft