रायपुर। प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत इंटर्न डॉक्टरों ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात कर अपनी मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की। स्वास्थ्य मंत्री के साथ सकारात्मक बातचीत के बाद इंटर्न डॉक्टरों ने मंत्री पर भरोसा जताते हुए अपना आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।
स्टाइपेंड वृद्धि को लेकर विभागीय कार्रवाई शुरू
बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इंटर्न डॉक्टरों को उनके स्टाइपेंड में वृद्धि की मांग पर सरकार की ओर से की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि IMA-MSN छत्तीसगढ़ द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव और संबंधित प्रकरण पर पहल करते हुए स्टाइपेंड वृद्धि से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मंत्री ने कहा कि, इंटर्न डॉक्टरों की मांगों पर इसी माह आवश्यक एवं सकारात्मक निर्णय लिए जाने के उद्देश्य से विभागीय स्तर पर प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
सकारात्मक चर्चा के बाद आंदोलन स्थगित
स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई चर्चा और सरकार की ओर से कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी मिलने के बाद इंटर्न डॉक्टरों ने आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया। इस निर्णय पर बैठक में मौजूद सभी लोगों ने संतोष व्यक्त किया।
चिकित्सा शिक्षा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विषयों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि सरकार इंटर्न डॉक्टरों की समस्याओं और हितों को गंभीरता से ले रही है तथा उनके हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि, प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में मेडिकल छात्रों एवं इंटर्न डॉक्टरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार उनके हितों से जुड़े विषयों के समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ काम कर रही है।
नवीन देशभक्ति गीतों ने बांधा समां, शहीदों को गीतों के माध्यम से दी श्रद्धांजलि
जौहर ट्रस्ट और यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED का एक्शन, 10 ठिकानों पर छापेमारी
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft