सरगुजा। राजीव गांधी शिक्षा मिशन में वर्ष 2011-12 के दौरान सामने आए करोड़ों रुपए के कथित फर्नीचर घोटाले की जांच में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। ACB ने मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजीव गांधी शिक्षा मिशन के तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी एसपी पाण्डेय और दर्शन फेब्रिकेशन फर्म के प्रोपराइटर संजय पटेल समेत तीन लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
2 माह पहले कार्यालय पहुंची थी ACB की टीम
मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए करीब 2 माह पहले ACB की टीम संबंधित कार्यालय पहुंची थी। टीम ने वर्ष 2011-12 में हुई फर्नीचर खरीदी से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की थी। इस दौरान फर्नीचर खरीदी से संबंधित हार्ड कॉपी दस्तावेजों के साथ डिजिटल रिकॉर्ड भी जब्त किए गए थे। ACB ने जब्त दस्तावेजों और जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
6 से 7 अफसरों की भूमिका जांच के दायरे में
फर्नीचर घोटाले की जांच में विभाग के करीब 6 से 7 अफसरों की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है। इसके अलावा फर्नीचर की सप्लाई और खरीदी से जुड़ी करीब 12 फर्मों की भूमिका भी जांच के दायरे में रही है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्नीचर की खरीदी प्रक्रिया में नियमों का पालन हुआ था या नहीं और कथित अनियमितताओं में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
IPC और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला
मामले में ACB ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420 और 120-B के साथ-साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (PC Act) की धारा 13(1) और 13(2) के तहत अपराध दर्ज किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसी जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड का परीक्षण कर रही है। इन रिकॉर्ड से कथित घोटाले में शामिल अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों और फर्मों की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है।
आगे और गिरफ्तारियों की संभावना
तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच और तेज हो गई है। ACB द्वारा जुटाए गए दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य सामने आते हैं तो आने वाले दिनों में और कार्रवाई हो सकती है।
नवीन देशभक्ति गीतों ने बांधा समां, शहीदों को गीतों के माध्यम से दी श्रद्धांजलि
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft