अंबिकापुर। बारिश का सीजन शुरू होते ही ग्रामीण इलाकों में सर्पदंश के मामले बढ़ने लगे हैं। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोटागहना में शनिवार रात सांप के डसने से नानी-नातिन की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम घोरघड़ी के फुफंदीपारा निवासी 8 वर्षीय करिश्मा शुक्रवार को अपने नाना-नानी के घर ग्राम कोटागहना घूमने आई थी। शनिवार रात वह अपनी नानी नंदी (56 वर्ष), पति सोला के साथ जमीन पर सो रही थी। रात करीब 11:00 बजे सांप ने पहले करिश्मा को डस लिया। किसी चीज के काटने से बच्ची रोने लगी।
आवाज सुनकर नानी की नींद खुली तो उन्होंने बच्ची के पास सांप को देखा। नातिन को बचाने और सांप को हटाने की कोशिश में सांप ने नंदी को भी डस लिया। इसके बाद दोनों की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। रात करीब 3:00 बजे नानी की घर में ही मौत हो गई।
इधर परिजन गंभीर हालत में करिश्मा को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर रवाना हुए, लेकिन चंद्रगढ़ के पास तड़के करीब 4:00 बजे रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। इस घटना से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
जमीन पर सोने से बढ़ता है खतरा
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने लोगों से घर के आसपास साफ-सफाई रखने, जमीन पर सोने से बचने और सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचने की अपील की है।
छत्तीसगढ़ के सभी 813 हज यात्री सकुशल लौटे, अंतिम जत्थे का मुंबई में हुआ स्वागत
नकटी में चला बुलडोजर, सिर्फ 48 घर नहीं गिरे, भरोसे की दीवार भी ढह गई?
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft