भिलाई। भिलाई में फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में BSP (भिलाई स्टील प्लांट) से चोरी किए गए स्क्रैप के बड़े खेल का पुलिस ने खुलासा किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स, प्लॉट नंबर 18 ए/05, एच.आई.ए. हथखोज भिलाई में छापेमार कार्रवाई की।
भारी मात्रा में स्क्रैप बरामद
जांच के दौरान विभिन्न हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ BSP से चोरी की गई लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री लोड मिली। मौके पर भारी मात्रा में स्क्रैप सामग्री का भंडारण भी पाया गया। इसके अलावा स्क्रैप की लोडिंग और परिवहन में उपयोग किए जाने वाले वाहन एवं मशीनरी भी जब्त किए गए।
संपत्ति जब्त
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि, फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में BSP से चोरी किए गए स्क्रैप का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान करीब 250 टन लोहे की प्लेट और बीम कटिंग, जिसकी अनुमानित कीमत 90 लाख रुपए बताई गई है, जब्त की गई। साथ ही परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल वाहनों व मशीनों सहित कुल 3 करोड़ 22 लाख रुपए की संपत्ति भी जब्त की गई।
देवरिया से हुई मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी
इस मामले में पहले ही 08 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। मामले के मुख्य फरार आरोपी संजय सिंह की तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी। इसी बीच सूचना मिली कि वह उत्तरप्रदेश में छिपकर रह रहा है। विशेष पुलिस टीम को उत्तरप्रदेश भेजा गया, जहां जांच में आरोपी के देवरिया में छिपे होने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसके ठिकाने पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया और दुर्ग लाया गया।
विवेचना के दौरान एक अन्य आरोपी पिंटू उर्फ उपेंद्र ओझा की भी इस स्क्रैप चोरी कांड में संलिप्तता सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए 07 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft