Friday ,May 22, 2026
होमछत्तीसगढ़दुर्ग में सामूहिक मौत से सनसनी: पति-पत्नी फंदे पर लटके मिले, दो मासूम बच्चों के शव बिस्तर पर, सुसाइड नोट बरामद...

दुर्ग में सामूहिक मौत से सनसनी: पति-पत्नी फंदे पर लटके मिले, दो मासूम बच्चों के शव बिस्तर पर, सुसाइड नोट बरामद

 Newsbaji  |  May 22, 2026 12:02 PM  | 
Last Updated : May 22, 2026 12:02 PM
एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, पति-पत्नी फांसी पर मिले, बच्चों के शव बिस्तर पर
एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, पति-पत्नी फांसी पर मिले, बच्चों के शव बिस्तर पर

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से शुक्रवार को बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। मोहन नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घर के भीतर पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि उनके दो मासूम बच्चे मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़े मिले।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। शुरुआती जांच में मामला सामूहिक खुदकुशी का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

घर के भीतर मिला दर्दनाक मंजर
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45 वर्ष), उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष), बेटी दृष्णा साहू (13 वर्ष) और बेटे यशांत साहू (11 वर्ष) के रूप में हुई है। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घर के भीतर का दृश्य बेहद भयावह था। पति-पत्नी के शव फंदे पर झूल रहे थे, जबकि दोनों बच्चे मृत हालत में कमरे में पड़े मिले। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।

SSP विजय अग्रवाल पहुंचे मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल खुद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और मोहन नगर थाना पुलिस की टीम भी मौजूद रही। मामले की जांच के लिए एफएसएल (FSL) टीम को भी बुलाया गया है, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

सुसाइड नोट में पारिवारिक विवाद का जिक्र
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नोट में पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव का हवाला दिया गया है। हालांकि पुलिस अभी सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लिखी बातों की जांच कर रही है।

हत्या या आत्महत्या? हर एंगल से जांच
दो बच्चों की मौत को लेकर पुलिस बेहद सतर्कता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चों की मौत कैसे हुई। फिलहाल मोहन नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में ले लिया है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft