रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज यानि बुधवार को करीब 11:30 बजे से राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की महत्वपूर्ण बैठक मंत्रालय में आयोजित होगी। बैठक में प्रदेश के समसामयिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा किए जाने की संभावना है। खासतौर पर राज्य में बाढ़ की मौजूदा स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति तथा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की जा सकती है।
बैठक में किसानों के लिए खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था भी प्रमुख एजेंडे में शामिल रहने की संभावना है। खरीफ सीजन को देखते हुए सरकार खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने और वितरण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर विचार कर सकती है।
इसके अलावा विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध लक्ष्य हासिल करने तथा विभागीय कार्यों में तेजी लाने के संबंध में भी मंत्रिपरिषद स्तर पर चर्चा होने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी विचार किया जा सकता है। यदि इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है, तो इनके संबंध में बैठक के बाद आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft