रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिर बदल रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 8 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट तीन घंटे यानी 5 बजे तक के लिए जारी किया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने, तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। रायपुर जिले में बादल साफ रहने और दोपहर से शाम को आंशिक मेघमय रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 39°C और न्यूनतम 23 डिग्री रहने की संभावना है।
यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के सरगुजा संभाग के बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, रायपुर संभाग के धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद और बिलासपुर संभाग के रायगढ़ जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यहां तेज हवा, अंधड़ के साथ बारिश होने की संभावना है। पिछले सप्ताहभर से मौसम विभाग लगातार यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर रहा है। बस्तर संभाग में लगातार बूंदा-बांदी हो रही है। कई जिलों में ओलावृष्टि की भी खबरें लगातार आ रही है। मौसम में आए बदलाव और बारिश से शाम और रात सुहाना हो गया है। ठंडी हवाएं भी चल रही है। 16 अप्रैल को छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा। इससे पहले सप्ताहभर तक राजनांदगांव जिला सबसे ज्यादा गर्म था।
ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अलग-अलग द्रोणिका और ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। सिक्किम से उत्तर ओडिशा तक द्रोणिका 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। एक द्रोणिका पूर्वी मध्य प्रदेश से गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक छत्तीसगढ़ होते हुए 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। दूसरा द्रोणिका पूर्वी मध्य प्रदेश से दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई और पूर्वी मध्य प्रदेश और उसके आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। इसके प्रभाव से मौसम में बदलाव हो रहा है।
रायगढ़ में सर्वाधिक 19.6 मिमी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात, तेज हवा के साथ ओलावृष्टि और हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। रायगढ़ में सर्वाधिक 19.6 मिमी वर्षा रिकार्ड किया गया है। मौसम विभाग ने कल प्रदेश में एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन और तेज हवा के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है। वहीं 2 दिनों के बाद कुछ इलाकों में मेघ गर्जन और तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार है।
कार को बना दिया हेलीकॉप्टर, दो भाईयों ने मिलकर किया मोडिफाई, अब हुई पुलिस की एंट्री
सक्ती रियासत के राजा सुरेन्द्र बहादुर सिंह का निधन, लंबे समय से चल रहे थे बीमार
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft