बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के फूलपुर गांव में 75 वर्षों से आयोजित होने वाला शकील बाबा का चार दिवसीय उर्स इस बार नहीं होगा। जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था और संभावित हंगामे की आशंका को देखते हुए इस आयोजन पर रोक लगा दी है। इस निर्णय के बाद पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर सतर्कता बढ़ा दी है।
तनाव होने की आशंका
दरअसल, पिछले वर्ष भी शकील बाबा के उर्स के दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी, जिसके चलते आयोजन को रद्द करना पड़ा था। इस बार भी साम्प्रदायिक तनाव या हंगामे की आशंका के मद्देनजर प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया। फूलपुर गांव में स्थित शकील बाबा का मजार, जो हर साल उर्स के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनता था, इस बार सजने से वंचित रहेगा।

मोहम्मदपुर खाला थाना प्रभारी ने बताया कि, प्रशासन ने गांव के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा, कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है। पुलिस ने गांव में फ्लैग मार्च किया और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
वहीं, स्थानीय निवासियों का कहना है कि शकील बाबा का उर्स दशकों से गांव की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का हिस्सा रहा है। कुछ ग्रामीणों ने प्रशासन के फैसले पर निराशा जताई, लेकिन साथ ही शांति बनाए रखने की बात भी कही है। सामाजिक संगठनों ने भी इस मामले में सतर्क रुख अपनाया है। कुछ संगठनों ने प्रशासन से बातचीत कर आयोजन की अनुमति देने की मांग की थी, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जा सकता है।
इनपुट- अनिरुद्ध शुक्ला, बाराबंकी
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft