Sunday ,July 12, 2026
होमछत्तीसगढ़सरकार को घेरने की रणनीति बनाने आज कांग्रेस विधायक दल की बैठक, कई मुद्दों पर होगी चर्चा...

सरकार को घेरने की रणनीति बनाने आज कांग्रेस विधायक दल की बैठक, कई मुद्दों पर होगी चर्चा

 Newsbaji  |  Jul 12, 2026 09:29 AM  | 
Last Updated : Jul 12, 2026 09:29 AM
छत्तीसगढ़ विधानसभा मॉनसून सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की रणनीतिक बैठक
छत्तीसगढ़ विधानसभा मॉनसून सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की रणनीतिक बैठक

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के 13 जुलाई से शुरू होने वाले मॉनसून सत्र से पहले कांग्रेस ने सरकार को घेरने की तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में रविवार शाम 5:00 बजे नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के आधिकारिक निवास पर कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक होगी। बैठक में सत्र के दौरान उठाए जाने वाले प्रमुख मुद्दों और सदन की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

कई मुद्दों को लेकर बैठक
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस प्रदेश की कानून-व्यवस्था, नकटी गांव में कथित तौर पर प्रधानमंत्री आवास तोड़े जाने के मामले, जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग, किसानों के लिए खाद की कमी, बिजली दरों में बढ़ोतरी, महिलाओं की सुरक्षा, बेरोजगारी और सरकारी भर्तियों में देरी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

विपक्ष का कहना है कि, इन मुद्दों का सीधा असर आम जनता पर पड़ा है और सरकार को विधानसभा में इन पर जवाब देना होगा। माना जा रहा है कि कांग्रेस इन विषयों पर स्थगन, ध्यानाकर्षण और अन्य संसदीय प्रक्रियाओं के जरिए सरकार को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश करेगी।

1,033 सवालों से घिरेगी सरकार
इस बार विधानसभा सचिवालय में कुल 1,033 प्रश्न लगाए गए हैं। खास बात यह है कि सवाल केवल विपक्ष की ओर से ही नहीं, बल्कि सत्ता पक्ष के विधायकों ने भी लगाए हैं। इससे संकेत मिल रहे हैं कि पांच दिवसीय मॉनसून सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार को जवाब देना पड़ सकता है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि, सीमित अवधि के बावजूद यह मॉनसून सत्र काफी हंगामेदार रहने के आसार हैं। सत्ता पक्ष जहां अपनी उपलब्धियां गिनाने की कोशिश करेगा, वहीं कांग्रेस जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर आक्रामक रुख अपनाएगी। ऐसे में सदन के भीतर तीखी बहस और राजनीतिक टकराव देखने को मिल सकता है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft