रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश संगठन को लेकर एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर बदलाव की चर्चाओं ने पार्टी के भीतर हलचल बढ़ा दी है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की नियुक्ति को लगभग तीन वर्ष पूरे होने की चर्चा के बीच नए नेतृत्व को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। हालांकि कांग्रेस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है और अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ही करेगा।
टीएस सिंह देव का नाम चर्चा में, समर्थकों ने छेड़ा अभियान
पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंह देव का नाम संभावित दावेदारों में प्रमुखता से सामने आ रहा है। सोशल मीडिया पर उनके समर्थकों ने उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग तेज कर दी है। सरगुजा के 'आदिबाबा फैंस क्लब' सहित कई कांग्रेस समर्थकों और स्थानीय नेताओं ने फेसबुक पर पोस्टर साझा करते हुए लिखा, "जिसने हर परिस्थिति में संगठन का साथ निभाया, अब समय है उनके अनुभव को नई जिम्मेदारी देने का।"

पिछले कुछ समय से सिंह देव सरगुजा, कोरबा और जांजगीर-चांपा समेत कई जिलों में लगातार सक्रिय नजर आए हैं। राजनीतिक विश्लेषक इसे संगठन के भीतर उनकी बढ़ती सक्रियता से जोड़कर देख रहे हैं।
टीएस सिंह देव ने क्या कहा?
प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं पर टीएस सिंह देव ने संतुलित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के पद का कोई तय कार्यकाल नहीं होता और ऐसे सभी फैसले कांग्रेस हाईकमान के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। उन्होंने कहा कि, जब दीपक बैज को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था, तब भी उनके कार्यकाल की कोई समय-सीमा तय नहीं की गई थी। जब तक पार्टी जिम्मेदारी देती है, तब तक पदाधिकारी अपना दायित्व निभाता है।
सोशल मीडिया पर चल रहे समर्थन अभियान पर उन्होंने कहा कि, समर्थक अपनी भावनाएं व्यक्त करते हैं, लेकिन इस तरह की पोस्ट अनावश्यक राजनीतिक अटकलों को जन्म देती हैं।
पहले भी जता चुके हैं संगठन संभालने की इच्छा
टीएस सिंह देव इससे पहले सार्वजनिक तौर पर कह चुके हैं कि यदि पार्टी उन्हें संगठन की जिम्मेदारी सौंपती है तो वे इसे पूरी निष्ठा से निभाने के लिए तैयार हैं। उनके इस पुराने बयान के बाद मौजूदा चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया है।
युवा चेहरे पर भी दांव लगा सकती है कांग्रेस
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) इस बार प्रदेश संगठन की कमान किसी युवा और सक्रिय नेता को सौंपने पर गंभीरता से विचार कर रही है। संगठन में नई ऊर्जा भरने की रणनीति के तहत पिछले वर्ष 25 नवंबर को प्रदेश की 41 जिला कांग्रेस कमेटियों में करीब 25 नए जिला अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे। अब इसी तर्ज पर प्रदेश स्तर पर भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
इन नेताओं के नाम भी रेस में
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की दौड़ में कई बड़े नेताओं के नाम चर्चा में हैं।
फैसले पर सबकी नजर
हालांकि, विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन कांग्रेस संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी अभी से शुरू हो गई है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष को लेकर लिया जाने वाला फैसला आने वाले समय में पार्टी की रणनीति तय करने में अहम माना जा रहा है। फिलहाल, प्रदेशाध्यक्ष पद को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, लेकिन कांग्रेस हाईकमान की आधिकारिक घोषणा के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft